आगरा। ताजनगरी के सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में रविवार को सेवा और संवेदना का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘सृजन फाउंडेशन’ के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के जीवन में नई आशा का संचार किया। शिविर के दौरान न केवल 220 बुजुर्गों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, बल्कि 90 जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण कर उनकी दुनिया को रोशन करने का प्रयास किया गया।
संस्कारों की कमी से बढ़ रहे वृद्धाश्रम: महापौर
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर, SN मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल और अन्य गणमान्य जनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर ने भावुक होते हुए कहा, “हमें बच्चों में ऐसे संस्कार डालने होंगे कि उन्हें कभी अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम छोड़ने की जरूरत न पड़े। जो आज अपनों को यहाँ छोड़ रहे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि वक्त का पहिया कल उनके लिए भी घूमेगा।”
सच्ची मानव सेवा ही ईश्वर भक्ति: दिग्गज डॉक्टर
SN मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों को दोहराते हुए कहा कि पीड़ित और उपेक्षित लोगों की सेवा ही वास्तविक ईश्वर सेवा है। डॉ. बी.के. सिंह और डॉ. राजीव बंसल ने भी समाज से असहाय बुजुर्गों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने स्पष्ट किया कि समाज के वंचित वर्ग का उत्थान ही सृजन फाउंडेशन का सर्वोच्च लक्ष्य है।
विशेषज्ञों की टीम ने जांची सेहत
शिविर में SN मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों डॉ. अर्पित गुप्ता, डॉ. विशाल बैंसला, डॉ. अनुज सुब्बा और डॉ. अक्षिता शर्मा ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने नेत्र, दंत और सामान्य रोगों की बारीकी से जांच की। आश्रम के प्रबंधक शिवप्रसाद शर्मा ने बताया कि वर्तमान में यहाँ 395 बुजुर्ग निवास कर रहे हैं, जिनमें से अधिकांश को इस शिविर का सीधा लाभ मिला है।
सात समंदर पार से मिली सराहना
कार्यक्रम में इंडोनेशिया से आई आईना विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने भारतीय सेवा परंपरा और सृजन फाउंडेशन के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे मानवीय मूल्यों की पराकाष्ठा बताया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. श्रुति सिन्हा ने किया। इस अवसर पर आनंद राय, पार्षद अनुज शर्मा, डॉ. पवन शर्मा और हिमानी चतुर्वेदी सहित शहर के अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।

