Agra News: ताजमहल के डाउन स्ट्रीम में “तीन कदम” आगे बढ़ा रबर चेकडैम प्रोजेक्ट, अब केवल तीन एनओसी और बाकी, बनते ही यमुना होगी लबा-लब

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजमहल के डाउन स्ट्रीम में नगला पैमा में रबर चेकडैम का प्रोजेक्ट “तीन कदम” आगे बढ़ गया है और अब “तीन ही कदम” और शेष रह गए हैं। इसके बाद रबर चेकडैम का निर्माण शुरू हो सकता है।

लगभग 414 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाली डैम के लिए अब केवल तीन एनओसी बाकी रह गई हैं। तीन विभागों ने अनापत्ति दे दी है। इससे उम्मीद जगी है कि यमुना नदी पर ताजमहल से डेढ़ किलो मीटर डाउन में जल्द ही रबर चेक डैम बनेगा।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, लखनऊ के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि परियोजना के क्रियान्वयन से पूर्व छह मंत्रालयों से पूर्व अनुमति प्राप्त करना आवश्यक है। इनमें से तीन विभागों भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई), केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से अनापत्ति प्राप्त हो चुकी है। अब टीटीजेड आगरा, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय लखनऊ एवं राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से अनापत्ति मिलना शेष है। इन तीन विभागों से निरंतर संपर्क समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इन तीन विभागों की एनओसी मिलने के बाद नगला पेमा के पास डैम का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।

पूर्व राज्य मंत्री व छावनी क्षेत्र के विधायक डा. जीएस धर्मेश ने विगत चार मार्च को लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके डैम के कार्य को प्रगति देने की मांग की थी। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों से जवाब मांगे जाने के बाद नौकरशाही में सक्रियता दिखी। सिंचाई विभाग ने विधायक धर्मेश को ताजा जानकारी से अवगत कराया।

डा. धर्मेश का कहना है कि रबर चेक डैम के निर्माण से क्षेत्र की जनता एवं शहरवासियों को काफी लाभ मिलेगा। जलस्तर बढ़ेगा, नौका विहार भी संभव हो सकेगा।