Agra News: सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत आयोजित मिनी मैराथन का राज्यवर्धन सिंह राठौर ने किया शुभारंभ

Regional

आगरा: सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत यहां आज गुरुवार की सुबह मिनी मैराथन का पूर्व केन्द्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शुभारंभ क‍िया। इस दौरान वह दिल्ली में जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने पर स्पष्ट बोलने से बचते हुए नजर आए। मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाने से पहले मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें पहलवानों के मामले की पूरी जानकारी नहीं है। केंद्र सरकार निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि देश के देश के खिलाड़ियों में बहुत संभावना है। वो अब जीतने लगे हैं, अब मेहनत, ध्यान, प्रशिक्षण आदि पर खिलाड़ी ध्यान दें तो हम विश्वपटल पर छा जायेंगे। अब खिलाड़ी बाबू गिरी नहीं करते, सिर्फ खेल और ट्रेनिंग पर ध्यान देते हैं इसलिए सफल हो रहे हैं। बाकी व्यवस्था फेडरेशन संभालती है।

जी-20 देश के प्रतिनिधियों की मेजबानी को लेकर उन्होंने कहा कि देश को दुनिया का स्वागत करने का मौका मिल रहा है, यहां का हर व्यक्ति देश का राजदूत है, इसलिए शहर, राज्य और देश का मान बढ़ाने के लिए सभी देशों के प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करें।

सुबह 9.30 बजे सेंट जोंस कालेज मैदान से मिनी मैराथन शुरू हुई। इसमें आगरा के सांसद और केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। एमजी रोड से होकर मिनी मैराथन सुबह 10.30 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। मिनी मैराथन में हजारों बच्चों और युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान एमजी रोड की एक लेन को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। मिनी मैराथन को जी-20 की तैयारियों से जोड़े जाने के कारण जिला प्रशासन ने भी इसमें बढ़चढ़ कर भाग लिया।