Agra News: रेलवे स्काउट एवं गाइड्स ने शुरू की निःशुल्क शीतल जल सेवा

Press Release

आगरा। इस भीषण गर्मी में रेलयात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आगरा कैंट और मथुरा रेलवे स्टेशन पर स्काउट एवं गाइड्स द्वारा नि:शुल्क शीतल जल सेवा की शुरुआत की गयी। नि:शुल्क जल सेवा शिविर का शुभारम्भ आगरा छावनी स्टेशन पर आगरा मंडल के जिला मुख्य आयुक्त/स्काउट व अपर मंडल रेल प्रबन्धक मुदित चंद्रा द्वारा एवं मथुरा में स्टेशन निदेशक एस के श्रीवास्तव द्वारा यात्रियों को जल पिला कर की गयी। आगरा मंडल के स्काउट एवं गाइड्स 1 माह तक जल सेवा शिविर में यात्रियों को जल पिलायेंगे।

एक माह चलेगा अभियान

भीषण गर्मी में रेल यात्रा करने के दौरान यात्रियों को सबसे ज्यादा जरूरत ठंडे पानी की होती है। जिसमें कि सामान्य एवं अन्य कोच में यात्रियों की इस जरूरत को ध्यान देते हुए उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड, आगरा मंडल द्वारा आगरा छावनी एवं मथुरा जं स्टेशनों पर नि:शुल्क जल सेवा शुरू की गयी है। स्काउट एंड गाइड के द्वारा ट्रेन आने पर ट्राली के माध्यम से यात्रियों को नि:शुल्क जल सेवा प्रदान की जाएगी। यह पूरा अभियान एक माह तक चलेगा।

हर साल चलता है अभियान

उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड, आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट और मथुरा स्टेशन पर हर वर्ष इस अभियान को चलाया जाता है। गर्मी और जून माह में सबसे अधिक गर्मी होती है। टेंपरेचर अधिक होने के साथ ही स्काउट एवं गाइड इस अभियान की शुरुआत कर देते हैं। जिससे जनरल और रिजर्व कोच में सफर करने वाले यात्रियों को इस भीषण गर्मी में शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर सहायक जिला आयुक्त/गाइड प्रशस्ति श्रीवास्तव, सहायक जिला आयुक्त/स्काउट अरविन्द कुमार, स्टेशन प्रबंधक राजेंद्र सिंह, जिला सचिव प्रवीन कुमार, जिला संगठन आयुक्त/स्काउट हेमेन्द्र कुमार मौर्या, स्काउटर कन्हेया झा आदि मौजूद रहे।