Agra News: 17-18 दिसंबर को गोवर्धन स्थित श्री कार्ष्णि आश्रम में दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ, भक्तों को ले जाने के लिए चलेगी निःशुल्क 50 बसें

Press Release

श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार) आगरा कर रहा 15वां दिव्य छप्पन भोग मनोरथ कार्यक्रम

आगरा। श्री गिरिराजजी सेवक मंडल (परिवार) द्वारा 17-18 दिसंबर को गोवर्धन में बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित श्री कार्ष्णि आश्रम में 15वां दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ का आयोजन किया जाएगा।

सोमवार को अतिथि वन में यह जानकारी देते हुए आयोजकों ने आमंत्रण पत्र को विमोचन कर शहर वासियों के लिए जारी किया। इससे पूर्व बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर के महंत सुनील कांत नागर और कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरी ने गिरिराज भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

भक्तों के लिए चलेगी निःशुल्क 50 बसें

आयोजन से जुड़े अजय गोयल और मनोज गर्ग ने बताया कि मनोरथ में आगरा और आसपास से दस हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान की अलौकिक छटा निहारने और महाप्रसादी ग्रहण करने पहुंचेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से 50 निःशुल्क बसें भी चलाई जाएंगी।

श्रृंगार हेतु बनवाया असली हीरे का हार

श्याम सुंदर माहेश्वरी और पवन अग्रवाल ने बताया कि इस बार 18 दिसंबर को गिरिराज भगवान मयूर महल में विराजेंगे। उनके श्रंगार के लिए इस बार विशेष रूप से असली हीरे का हार एक भक्त द्वारा बनवाया गया है जो भगवान के गले में सुशोभित होगा। उनके समक्ष दिव्य 56 भोगों की सुंदर झांकी होगी। साथ ही दर्शनार्थियों को त्रेता, द्वापर और कलियुग तीनों युगों के भी अनूठे दर्शन मिलेंगे। दर्शन दोपहर 12 बजे खोल दिए जाएंगे। दोपहर 12:30 बजे से दस हजार से अधिक भक्तों के लिए महाप्रसादी का भी शुभारंभ हो जाएगा। दिल्ली के कलाकार शाम छह बजे से भजनों की रसधार प्रवाहित करेंगे। रात को 10 बजे शयन आरती के बाद दुग्ध प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
इससे पूर्व 18 दिसंबर को ही सुबह 10 बजे से साधु सेवा के अंतर्गत 551 साधुओं को संस्था के सदस्यों द्वारा वस्त्र, भोजन दक्षिणा आदि का वितरण किया जाएगा।

मनीष गोयल और नीरज अग्रवाल ने बताया कि 17 दिसंबर को श्री कार्ष्णि आश्रम में सुबह 10 बजे परिक्रमा मार्ग स्थित सभी दिव्य कुंडों के जल से चांदी निर्मित सुरभि गाय द्वारा भक्त गोविंदाभिषेक करेंगे। दोपहर 12 बजे से गिर्राज महाराज की झांकी के और संकीर्तन मंडली के साथ नाचते-गाते-बजाते दुग्धधार सप्तकोसीय परिक्रमा लगाई जाएगी। शाम सात बजे से खाटू श्याम की भजन संध्या होगी और रात 11 बजे से मानव श्रृंखला बनाकर छप्पन भोग सजाने की तैयारी रात भर जारी रहेगी।

आयोजन से जुड़ी सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, मनीषा गोयल और प्राची अग्रवाल ने बताया कि 15 दिसंबर को शाम सात बजे से कमला नगर स्थित शुभ मंगल वेंकट हॉल में गिरिराज महाराज के नाम की मेहंदी भक्तों द्वारा लगाई जाएगी।

निकलेगी आमंत्रण यात्रा

आमंत्रण यात्रा संयोजक नितिन अग्रवाल और मनीष अग्रवाल ने बताया कि दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ में भक्तों को निमंत्रित करने के लिए 13 दिसंबर को आमंत्रण यात्रा रावतपाड़ा तिराहे से राम बारात मार्ग पर निकाली जाएगी। देवी-देवताओं की झांकियां के साथ उज्जैन महाकाल से 11 लोगों का डमरू वाला ग्रुप विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजन की तैयारी में उमेश कंसल, मनीष बंसल, रमाशंकर गुप्ता, योगेश बंसल, अतुल गोयल, अभिषेक अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, उमंग जैन, डीजी मित्तल, निखिल अग्रवाल, अमित गुप्ता, अनुपमा गुप्ता, रिंकल अग्रवाल, सोनाली बंसल, प्रियंका अग्रवाल, सत्य प्रकाश वर्मा, सुभाष अग्रवाल, लविश अग्रवाल, अंकुश मित्तल, पवन बंसल, अर्चना बंसल, हर्ष दत्त शर्मा और कमल बंसल शामिल हैं।