Agra News: एक नहीं बल्कि दो-दो ताज़महल का दीदार करेंगे G20 देशों के मेहमान

स्थानीय समाचार

आगरा: जी-20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा आये विदेशी मेहमान एक नहीं बल्कि दो-दो ताजमहल का दीदार करेंगे। यमुना की तलहटी में रेत से ताजमहल बनाया जा रहा है और इस पूरी कवायद को सैंड आर्टिस्ट रूपेश कुमार अमलीजामा पहना रहे हैं।

आगरा नगर निगम की ओर से विदेशी मेहमानों के लिए खासतौर से इसको बनवाया जा रहा है जो विदेशी मेहमानों के ताजमहल पहुंचने से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। जी-20 समिट के विदेशी मेहमान एक तरफ संगमरमर ताजमहल को निहारेंगे तो वहीं से दूसरी ओर नजर डालते ही उन्हें रेप पर बना हुआ ताजमहल नजर आएगा।

विदेशी मेहमानों के लिए मेहताब बाग के पास यमुना की तलहटी में प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट रूपेश कुमार द्वारा रेत का ताजमहल बनाया जा रहा है। विदेशी मेहमान ताजमहल के मुख्य गुम्बद और दशहरा घाट से इसका दीदार कर सकेंगे। दोनों के बीच में यमुना नदी है। शाम को यमुना में ताजमहल का प्रतिबिंब नजर आएगा और उससे आगे निगाह दौड़ाने पर रेत पर ताज महल दिखाई देगा। रेत पर बना ताजमहल लगभग 60 फीट चौड़ा और 30 फीट लंबा है। रेत पर बने ताजमहल पर G20 का लोगो लगाने के साथ ही ‘I LOVE INDIA’ और ‘वसुधेव कुटुम्बकंब’ लिखा गया है।

आगरा नगर निगम के एसएफआई अभय सिंह ने बताया की रेत से कलाकृति बनाने का विश्व रिकार्ड बना चुके बलिया के रूपेश कुमार ताजमहल के पीछे यमुना की तलहटी में रेत का ताजमहल बना रहे हैं। इसे बनाकर विभिन्न रंगों से रंगा जायेगा। इसके साथ जी 20 की झलक भी दिखाई दे रही है। यह जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा

फूलों से सजाया गया है ताजमहल

विदेशी मेहमानों के आगमन के लिए ताजमहल की जबरदस्त सफाई कर उसे सजा संवार कर तैयार किया गया है। ताजमहल रॉयल गेट से लेकर मुख्य गुम्बद के पास तक जगह – खूबसूरत फूलों के गमले लगाए गए हैं और गार्डन में स्पेशल फुलवारी बनाई गई है। मेहमानों का आगमन शाम 4 बजे होने की जानकारी दी गई है। पुरातत्व विभाग के अनुसार 3 बजकर 30 मिनट के बाद पूर्वी गेट से पर्यटकों का निकास रोक दिया जायेगा। पर्यटक दक्षिणी और पश्चिमी गेट से बाहर जा सकेंगे।