Agra News: एक्शन मोड में नवागत DM मनीष बंसल, व्यापारियों को भरोसा, एक महीने में दूर होंगी शहर की सभी समस्याएं

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के नवनियुक्त जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कार्यभार संभालते ही शहर की व्यापारिक और बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता पर लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘जिला वाणिज्य बंधु समिति’ की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने व्यापारियों की शिकायतों को विस्तार से सुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का आगामी एक माह के भीतर ठोस निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

​शहर की प्रमुख समस्याओं पर तीखी चर्चा

बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने शहर की ट्रैफिक और बुनियादी व्यवस्थाओं पर चिंता जताई। प्रमुख रूप से ग्वालियर रोड, नगला मांकरोल और संजय प्लेस में पार्किंग की भारी किल्लत का मुद्दा उठाया गया। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि शहर में नौ पार्किंग प्रोजेक्ट्स अब भी अधूरे पड़े हैं, वहीं फुटपाथों पर अवैध कब्जों के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा लोहामंडी रोड की बदहाली और जूता व्यापार के लिए आवंटित दुकानों में अन्य व्यवसाय संचालित होने जैसे नियमों के उल्लंघन के मामले भी शासन के सामने रखे गए।

मिलावटखोरी पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की मांग

व्यापारिक संगठनों ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मांग रखी गई कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामलों की जांच रिपोर्ट अतिशीघ्र जारी की जाए, ताकि ईमानदार व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई हो सके। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक अमले की मौजूदगी और अभिनंदन

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) प्रतिभा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला और एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों ने नवागत जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। व्यापारी नेता जय पुरसनानी ने उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता और हनुमान चालीसा भेंट की, वहीं संजय अरोड़ा ने भगवान श्रीकृष्ण की अष्टधातु की प्रतिमा देकर उनका अभिनंदन किया।

बैठक में देवेंद्र गुप्ता, कन्हैया लाल राठौड़, संदीप गुप्ता, योगेश, जयप्रकाश अग्रवाल, विजय सामा, महावीर मंगल और मुकेश अग्रवाल सहित शहर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।