आगरा। शहर के पॉश इलाके कमला नगर के भगवान नगर में एक दबंग युवक की दहशत ने 40 परिवारों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया। 02 फरवरी की रात हुई एक हिंसक घटना के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और सामूहिक रूप से घरों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर चस्पा कर दिए गए। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और प्रशासनिक दखल के बाद अब मामले में शांति बहाल हो गई है।
02 फरवरी की वो खौफनाक रात
हंगामे की शुरुआत सोमवार रात एक पारिवारिक समारोह के दौरान हुई। आरोप है कि मोहल्ले का ही दबंग युवक सनी जबरन कार्यक्रम में घुस आया। उसने लूटपाट की नीयत से एक व्यक्ति की सोने की चेन तोड़ने की कोशिश की और विरोध करने पर सिर फोड़ दिया, जिससे पीड़ित के गले में टांके आए।
महिलाओं और पार्षद ने भी बयां किया दर्द
क्षेत्रीय महिलाओं का आरोप है कि सनी अक्सर घरों में घुसकर अभद्रता और गाली-गलौज करता है। क्षेत्रीय पार्षद हरिओम बाबा अग्रवाल ने भी चौंकाने वाला खुलासा किया कि यह युवक उनके साथ भी मारपीट कर चुका है, लेकिन पुलिस की ढिलाई के कारण उसके हौसले बुलंद थे। पीड़ितों का दावा है कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो इंस्पेक्टर ने उनकी सुनने के बजाय उन्हें ही धमकाकर भगा दिया।
विरोध का ‘पोस्टर’ तरीका आया काम
जब शिकायतों पर सुनवाई नहीं हुई, तो 03 फरवरी को पूरे मोहल्ले ने एकजुट होकर ‘पलायन’ का ऐलान कर दिया। 40 मकानों पर एक साथ पोस्टर लगने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया और मीडिया में वायरल हुई, पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जेल पहुंचा आरोपी, ACP ने कराया समझौता
मामला बढ़ता देख पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई। आरोपी सनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद एसीपी (ACP) छत्ता ने खुद मोर्चा संभाला और मोहल्ले के लोगों के साथ बैठक की। पुलिस के पुख्ता सुरक्षा भरोसे और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने अपने घरों से पोस्टर हटा लिए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अब शांति है और आगे ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

