Agra News: होटल रेडिसन पर वेज की जगह नॉनवेज सूप परोसने का आरोप, प्रबंधन बोला- अवैध वसूली के लिए किया जा रहा बदनाम

Crime

आगरा। शहर के एक प्रमुख होटल पर लंच करने आयी महिला को वेज की जगह नॉनवेज सूप परोस दिए जाने का आरोप लगा है। महिला ने होटल में बखेड़ा कर दिया। महिला ने होटल प्रबंधन पर छल किए जाने और धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाया। महिला के बेटे ने मानवाधिकार आयोग, पर्यटन मंत्रालय, पुलिस कमिश्नर समेत कई जगह शिकायत की है। दूसरी ओर होटल प्रबंधन ने सभी आरोपों को नकारते हुए होटल की छवि खराब करने और वसूली की बात कही है।

दिल्ली के शालीमार बाग की रहने वाली रेनू गुप्ता (66) परिवारीजनों के साथ विगत 24 जून को ताजनगरी आयी थीं। वह होटल रेडिसन में रुकीं। महिला का कहना है कि वह शुद्ध शाकाहारी है। होटल के रेस्टोरेंट में लंच के दौरान उसने वेज सूप लिया, लेकिन वह वेज की जगह पर नॉनवेज था।

रेनू गुप्ता ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया तो हंगामा हो गया। रेनू गुप्ता के बेटे गौतम ने बताया कि होटल स्टाफ ने शेफ को बुलाया तो शेफ ने चेक करके उसे नॉनवेज बताया। महिला ने आरोप लगाया है कि वह शाकाहारी है उसे नॉनवेज खिलाया गया है।

महिला के बेटे गौतम ने बताया कि सूप के कंटेनर पर वेज लेमन सूप लिखा था। जब उसे लिया गया तो उसमें चिकन था। इसे लेकर होटल में शोर-शराबा होने लगा तो शेफ विजय राणा और जीएम अटल सरन उनके पास आए और समझौता करने के लिए इसके एवज में बड़ी राशि क्षतिपूर्ति में देने की बात कहने लगे। होटल के स्टाफ और शेफ ने भी माफी मांगी। सुबह जब वह होटल से निकले तो पूरा स्टाफ उन्हें बाहर छोड़ने के लिए आया था, लेकिन इसके बाद उन्हें धमकाया गया और फोन पर अभद्रता से बात की गई।

होटल प्रबंधन की ओर से अधिवक्ता भारतेंद्र सिंह का कहना है कि होटल के काफी शॉप में 40 मेहमानों के लिए मील पैकेज के साथ बुफे लंच था। उनमें रेनू गुप्ता और उनका परिवार भी शामिल था। वेज और नॉनवेज दोनों खाने की व्यवस्था थी। दोनों प्रकार के भोजन विधिवत रूप से अलग कर टैग किया गया था। जो सूप रेनू गुप्ता ने लिया था, उसमें चिकिन नहीं था बल्कि टोफू था।

शिकायत पर कमेटी द्वारा जांच में भी टोफू पाया गया। गौतम गुप्ता अवैध वसूली के तौर पर 50 लाख रुपये की डिमांड कर रहा था। नहीं तो होटल को बदनाम करने की धमकी दे रहा था। इस बारे में होटल प्रबंधन कार्रवाई करने की बात कह रहा है।