Agra News: विवाहिता से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाला होटल व पेट्रोलपंप संचालक को भेजा जेल

Crime

पीड़िता की बहन भी देती थी आरोपी का साथ
– पति ने हिम्मत दिलाई तो पहुंची कमिश्नर के द्वार

आगरा: थाना ताजगंज पुलिस ने एक विवाहिता से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में होटल व पेट्रोल पंप संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

बताया जाता है कि दुष्कर्म पीड़िता लंबे समय से पेट्रोल पंप संचालक के उत्पीड़न को सहन कर रही थी। पीड़िता की बड़ी बहन भी आरोपी का ही साथ देती थी। शादी के बाद भी वह तनाव से नहीं उबर पा रही थी। पति ने हिम्मत देकर पूछा तो पीड़िता ने सच्चाई बयां कर दी। इसके बाद पति के साथ वह पुलिस तक पहुंची।

एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपी ट्विन टावर, ताजगंज निवासी पवन वर्मा का फतेहाबाद रोड पर शिवाकाशी होटल था। हालांकि अब उसने होटल बेच दिया है। उसका राजस्थान में एक पेट्रोल पंप है। पवन शादीशुदा है। उसकी दो बेटियां हैं।

ताजगंज क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसकी बड़ी बहन पवन के होटल में काम करती थी। इस कारण पवन का घर आना-जाना हो गया। पवन ने पहले उसकी बड़ी बहन को अपने जाल में फंसा रखा था। वर्ष 2016 में वह नाबालिग थी। पवन उससे भी बातचीत करता था। इस दौरान एक दिन उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, इससे वह बेहोश हो गई। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। इसके बाद वह ब्लैकमेल करने लगा। लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। इसकी शिकायत पीड़िता ने बड़ी बहन से भी की, लेकिन वह उसका ही सहयोग करती थी। इस कारण वह परेशान रहने लगी। बहन के सहयोग नहीं करने की वजह से वह पुलिस से शिकायत नहीं कर सकी। वर्ष 2020 में उसकी शादी हो गई। इसके बावजूद पवन उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। मोबाइल फोन पर मैसेज करता था। कॉल करके परेशान करता था। इससे वह ससुराल में भी परेशान रहने लगी।

पीड़िता मानसिक तनाव से गुजर रही थी। आरोपी उसे होटल बुला रहा था। पहले उसने धमकी दी कि उसके वीडियो और फोटो पति को भेज देगा, जब उसने बात नहीं मानी तो पति के पास फोटो और वीडियो भेज दिए। मगर, पति ने उसका समर्थन किया। पति ने कहा कि आरोपी को सजा मिलनी चाहिए। पति के सहयोग से हिम्मत आई। तब उसने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। थाना ताजगंज में दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी का सहयोग पीड़िता की बड़ी बहन भी कर रही थी। यह बात पीड़िता ने अपने बयान में भी कही है। इस पर पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है। पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बहन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। बहन नहीं चाहती थी कि मुकदमा दर्ज कराया जाए।

-एजेंसी