Agra News: आगरा किला पर विदेशी पर्यटकों का स्वागत कर हिंदूवादी संघठनो ने मनाया हिन्दू नववर्ष

Press Release

आगरा: हिंदूवादी संगठन बजरंग वाहिनी की ओर से हिंदू नव वर्ष को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नव वर्ष को मनाने के लिए बजरंग वाहिनी के कार्यकर्ता आगरा किला पहुंचे। यहां पर बजरंग वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने देशी विदेशी सैलानियों का तिलक लगाकर स्वागत किया, साथ ही उन्हें हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दी।

बजरंगी वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने आगरा किले पर पहुंच रहे हर देशी विदेशी सैलानी का अतिथि सत्कार किया। भारतीय परंपरा निभाते हुए सभी का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस दौरान हिंदू वादियों ने विदेशी सैलानियों से खुलकर वार्ता की और उन्हें हिंदू नव वर्ष की जानकारी दी। हिंदू नव वर्ष के बारे में जानकारी पाकर विदेशी सैलानी भी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने भी हैप्पी न्यू ईयर कहा।

बजरंग वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अज्जू चौहान ने कहा कि आज भी हिंदू नव वर्ष की लोगों को जानकारी नहीं है। विदेशी तो हिंदू नव वर्ष से पूरी तरह से अनभिज्ञ है। भारतीय युवा पीढ़ी को हिंदू नव वर्ष से रूबरू कराना साथ ही विदेशी सैलानियों को भी हिंदू नव वर्ष की जानकारी देना आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश है जिससे विदेशों में भी हिंदू नव वर्ष का डंका बज सके।

बजरंग वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह गिल का कहना था कि आज युवा पीढ़ी को भारतीय नववर्ष की जानकारी नहीं है। लोग विदेशी कैलेंडर के नववर्ष को तो धूमधाम के साथ मनाते हैं लेकिन हिंदू नव वर्ष को हर्षोल्लास के साथ नहीं मनाते। इसलिए आम जनमानस के साथ-साथ युवा पीढ़ी को पूरी तरह से हिंदू नव वर्ष के प्रति जागरूक बनाना है। जल्द ही एक जन जागरण अभियान की भी शुरुआत की जाएगी।