आगरा। “हर बेटी पढ़े और सुरक्षित बढ़े” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए भारत विकास परिषद् नवज्योति शाखा ने एक सराहनीय सेवा कार्य किया है। बल्केश्वर स्थित गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की 51 जरूरतमंद छात्राओं को संस्था की ओर से नि:शुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। अब इन बेटियों को स्कूल या ट्यूशन जाने के लिए लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे।
कन्या पूजन के साथ हुआ सेवा का शुभारंभ
चैत्र माह के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और विधिवत कन्या पूजन के साथ हुई। मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया।
पैदल चलने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति
शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली कई छात्राएं दूर-दराज के क्षेत्रों से आती हैं। आर्थिक तंगी के कारण वे वाहन का खर्च नहीं उठा सकतीं और उन्हें प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की इन 51 छात्राओं को साइकिल मिलने से न केवल उनके समय की बचत होगी, बल्कि वे सुरक्षित और समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी।
सुरक्षा और स्वावलंबन का संबल
संस्था के सचिव अनिल अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि पैदल चलते समय छात्राओं को अक्सर रास्ते में असुरक्षा और असामाजिक तत्वों का डर बना रहता था। अब साइकिल के माध्यम से वे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। विद्यालय की प्रधानाचार्य चारु पटेल ने इस पहल को बेटियों की शिक्षा के लिए एक बड़ा संबल बताया।
इन दानदाताओं का रहा विशेष सहयोग
इस पुनीत कार्य में सतीश-सीमा गोयल, संजय-लक्ष्मी गोयल, स्पर्श-निकिता जैन और संदीप-अंजू मित्तल सहित कई परिवारों ने अपना आर्थिक योगदान दिया। कार्यक्रम में संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई), संजीव अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल और अजय शिवहरे सहित परिषद के तमाम पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

