आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र में कथित चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और धमकियों के आरोपों को लेकर तनाव और विरोध बढ़ता जा रहा है। बल्केश्वर स्थित अग्रसेन वाटिका में आयोजित एकजुटता प्रदर्शन व प्रेसवार्ता के दौरान सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने मनोज अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपों के घेरे में आए व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग की और दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराकर कठोर कार्रवाई करने का आह्वान प्रशासन से किया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मुट्ठियां बांधकर एकजुटता दिखाई और ‘हम सब एक हैं’ का नारा लगाया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि इलाके में किसी भी प्रकार की कथित दबंगई, गुंडागर्दी या चौथ वसूली को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ‘नहीं होने देंगे, नहीं होने देंगे, हम अपने क्षेत्र में चौथ वसूली नहीं होने देंगे’ के नारों के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत दखल देने की मांग की।
पार्षद हरिओम गोयल बाबा बोले— ‘समाज को दूषित कर रहा, मुकदमों की हो जांच’
पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने कहा कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि कमला नगर थाने में हिस्ट्रीशीटर होने और गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। पार्षद ने आरोप लगाया, “यह व्यक्ति समाज को दूषित कर रहा है, लोगों को ब्लैकमेल कर रहा है और चौथ वसूली कर रहा है। ऐसे लोगों को जेल भिजवाने का काम होना चाहिए। मैं प्रशासन से निवेदन करता हूं कि मनोज अग्रवाल की गिरफ्तारी की जाए और उसके सारे मुकदमों की जांच कराई जाए।”
उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में एक टिकिया विक्रेता से 50 हजार रुपये की कथित चौथ मांगने का प्रकरण सामने आया है, जिस पर पीड़ित की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर हरिओम गोयल बाबा ने चुनौती देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि पर आरोप लगाने वालों को प्रमाण भी प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोप सिद्ध न होने पर वे मानहानि का मुकदमा करेंगे और अपने बेटे पर गोली चलाने के आरोप को भी साबित करके दिखाने की बात कही।
चाट विक्रेता का आरोप— ’70 हजार रुपये मांगे, मकान सील व ध्वस्त कराने की धमकी दी’
प्रेसवार्ता के दौरान बल्केश्वर के चाट विक्रेता राम खिलाड़ी ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए मनोज अग्रवाल पर 70 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। राम खिलाड़ी के अनुसार, वे बल्केश्वर के मनोहरपुर में अपना मकान बनवा रहे हैं, इसी दौरान फोन कर उन्हें मिलने के लिए बुलाया गया।
उनका आरोप है कि बातचीत में एडीए से जुड़े कार्य संभालने का हवाला देते हुए 20 हजार रुपये अपनी फीस और 50 हजार रुपये एडीए अधिकारियों के लिए देने की मांग की गई। राम खिलाड़ी ने बताया कि आर्थिक व्यवस्था न हो पाने के कारण जब उन्होंने रुपये देने से मना किया, तो मकान तुड़वाने और सील लगवाने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पार्षद हरिओम गोयल बाबा से परामर्श कर थाना कमला नगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्षद पर मकान निर्माण के एवज में रुपये लेने का आरोप निराधार है और हरिओम बाबा ने उनसे कोई राशि नहीं ली।
पूर्व पार्षदों और सामाजिक संगठनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
विरोध प्रदर्शन में पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, श्री अग्रबंधु समन्वय समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ‘तोती भाई’, बल्केश्वर मेला कमेटी के अध्यक्ष महेश निषाद तथा कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी व अग्र मिलन समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में दबंगई की अनुमति नहीं दी जा सकती और प्रशासन को आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि व्यापारी व नागरिक सुरक्षित माहौल में कामकाज कर सकें।
गिर्राज बंसल का तीखा सवाल— ‘क्षेत्र हर नागरिक का, कोई मालिक नहीं’
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल ने समाजसेवक और महासभा के प्रदेश अध्यक्ष होने के दावों पर प्रश्नचिह्न लगाया। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति स्वयं को क्षेत्र का स्वामी बताकर फैसले नहीं ले सकता; क्षेत्र वहां के प्रत्येक नागरिक, दुकानदार और उद्यमी का है, जबकि व्यवस्था के तहत जनप्रतिनिधि और प्रशासन निर्णय लेने के लिए मौजूद हैं। गिर्राज बंसल ने कहा, “वे कहते हैं- मेरा क्षेत्र है, मेरी जगह है। मैं पूछता हूं कि क्षेत्र तो वहां रहने वाले हर व्यक्ति का है। आप निर्णय करने वाले कौन होते हैं?” उन्होंने पारिवारिक रिश्तों और जमींदारी के दावों का जिक्र करते हुए कहा कि जो अपने घर का नहीं हो सका, वह समाज का ठेकेदार कैसे बन सकता है।
बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रहे मौजूद, पुलिस कार्रवाई पर नजरें
एकजुटता प्रदर्शन में बबली सिंघल, ब्रह्मा गुप्ता, श्याम सुंदर अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल ‘बल्ले भाई’, सचिन अग्रवाल सीमेंट वाले, बिल्डर हरीश अग्रवाल ‘जुगनू भाई’, जोगिंदर शुक्ला, नीरज अग्रवाल, हनी मित्तल, कपिल अग्रवाल, अमर सिंह, विजय अरोड़ा, पंकज गुप्ता, राकेश त्यागी, महेंद्र शाक्य, अनुज गोयल, लक्ष्मी नारायण निषाद और महेश राठौर सहित अनेक स्थानीय नागरिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। अब पूरे मामले में पुलिस जांच की दिशा और प्रशासनिक कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हैं।


