Agra News: पिनाहट पुलिस की बड़ी कामयाबी, महिला से कुंडल और जेवरात छीनने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार, तीसरे की तलास जारी

Crime

आगरा/पिनाहट: ताजनगरी के ग्रामीण अंचल में अपराधों पर नकेल कसते हुए पिनाहट पुलिस ने 16 मार्च को हुई छिनैती (लूट) की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने एक महिला को धक्का देकर उसके शरीर से सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। पुलिस अब इनके तीसरे साथी की तलाश में जुटी है।

​बगिया में बकरी चरा रही महिला को बनाया था निशाना

​घटना 16 मार्च की है, जब पिनाहट क्षेत्र की एक महिला अपनी बगिया में बकरी चरा रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने महिला पर हमला बोल दिया। लुटेरों ने महिला को जोर से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और शोर मचाने से पहले ही उसके कान के कुंडल, गले का ‘ओम’ व तिबजिया, नाक की कील और पैरों की चांदी की पायजेब लूटकर रफूचक्कर हो गए थे।

​चंबल नदी घाट के पास से हुई गिरफ्तारी

​मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना पिनाहट पुलिस ने चंबल नदी घाट के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि (निवासी लडुआपुरा) और राम कुमार (निवासी ग्राम ताल की पार, पिनाहट) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन्होंने कुबूल किया कि वारदात में इनका तीसरा साथी आकाश भी शामिल था।

जेवरात बेचकर बांटी थी रकम, ₹7000 बरामद

​पुलिस पूछताछ में लुटेरों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लूट के बाद जेवरातों का आपस में बंटवारा कर लिया गया था। चांदी की पायजेब को उन्होंने रास्ते में मिले एक अज्ञात व्यक्ति को करीब 10 हजार रुपये में बेच दिया था और उस रकम को आपस में बांट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम के 7,000 रुपये बरामद किए हैं।

फरार आरोपी की तलाश में दबिश

पिनाहट पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल तीसरा मुख्य आरोपी आकाश अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।