Agra News: भारत विकास परिषद् ‘नवज्योति’ शाखा द्वारा तीन दिवसीय ‘बाल संस्कार शिविर’ का शुभारंभ, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों के संचार पर जोर

विविध

आगरा। भारत विकास परिषद् ‘नवज्योति’ शाखा द्वारा दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में त्रि-दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं परिवारों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का विकास करना है।

शिविर के प्रथम दिवस अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बच्चों एवं युवाओं के लिए मेहंदी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण प्रारंभ कराया गया। वहीं बेटियों को आत्मरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, एनीमिया जांच, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता, महिला आत्मनिर्भरता, परिवार प्रबोधन एवं संगठन विस्तार जैसे विषयों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में शाखा की अध्यक्ष सीए दीपिका अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि ऐसे शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं। कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं महिला संयोजिका मंजू गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिविर की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष संजय रौनक गुप्ता, अनुराग भटनागर, नीरज जैन, मोहित अग्रवाल एवं शेखर अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर के संयोजक दीपक भार्गव, अमित गोयल एवं कपिल गर्ग ने विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया।

शिविर में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आगामी दो दिनों में भी व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।