आगरा: भारतीय जनता पार्टी ने अपने महानगर और जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी है। आगरा में राज कुमार गुप्ता नये महानगर अध्यक्ष और प्रशांत पौनिया नए जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं।
भाजपा के जयपुर हाउस स्थित कार्यालय पर चुनाव अधिकारियों ने इन दोनों नामों की घोषणा की। घोषणा होते ही दोनों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। समर्थकों की ओर से दोनों के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया।
भाजपा के नये महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता और जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया की पार्टी के प्रति लम्बी सेवाएं रही हैं। पार्टी ने जिले में जहां जाट जाति पर दांव खेला है, वही महानगर में वैश्य समुदाय को प्राथमिकता दी। फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने दोनों अध्यक्षों का बधाई देते हुए उम्मीद जाहिर की कि वे पार्टी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
दोनों जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा के समय पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मौजूद थे। सबसे पहले महानगर के चुनाव अधिकारी मोहित बेनीवाल ने महानगर अध्यक्ष के रूप में जैसे ही राज कुमार गुप्ता के नाम की घोषणा की तो समर्थकों ने राज कुमार गुप्ता को कंधों पर उठा लिया।
भाजपा के नये जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया को जिस समय जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई, वे वहां पर मौजूद नहीं थे। वे थोड़ी देर बाद वहां पहुंचे। उनके साथ आई समर्थकों की भीड़ ने एक साथ भाजपा कार्यालय में घुसने की कोशिश की, जिससे कार्यालय के गेट पर लगा शीशा टूट गया। जिलाध्यक्ष के रूप में प्रशांत पौनिया के नाम की घोषणा जिले के चुनाव अधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह और निवर्तमान महानगर अध्यक्ष भानु महाजन समेत कई नेता मौजूद थे।