आगरा: पति ने मानी पत्नी की जॉब करने देने की शर्त..और जुड़ गया एक टूटा रिश्ता

स्थानीय समाचार

आगरा:  शादी के बाद उच्च शिक्षित पत्नी से नौकरी कराने के लिए पति का तैयार न होना उसके गले की फांस बन गई। नाराज पत्नी मायके चली गई और पुलिस में शिकायत कर दी। काउंसलिंग में पति ने पत्नी के आत्मनिर्भर बनने की राह में बाधा नहीं बनने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही पत्नी साथ रहने को राजी हुई।

पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में दंपत्ति का मामला पहुंचा। शहर के रहने वाले दंपत्ति की शादी तीन साल पहले हुई थी। पत्नी ने काउंसलर को बताया कि पति एक फैक्ट्री में काम करते हैं। वह भी उच्च शिक्षित है। पति के वेतन से घर चलाने में समस्या आ रही थी। उसने पति से कहा कि वह भी घर चलाने में मदद करना चाहती है। एक बच्चा भी है, आगे चलकर उसकी पढ़ाई का खर्चा भी आएगा। पत्नी के पास कई स्कूल में अध्यापन के प्रस्ताव थे। पति को पसंद नहीं था कि पत्नी नौकरी करने जाए। पति ने इंकार कर दिया।

पत्नी ने आरोप लगाया कि पति ने उसका स्मार्ट फाेन भी ले लिया। उसे साधारण कीपैड वाला फोन पकड़ा दिया, जबकि वह इंटरनेट पर अपनी पढ़ाई से संबंधित चीजों को सर्च करके खुद को अपडेट करती थी। पति द्वारा स्मार्ट फोन न देने से उसकी पढ़ाई बाधित हो रही है। पति का कहना था कि पत्नी घर और बाहर दोनों जिम्मेदारी किस तरह से उठाएगी। इसी के चलते उसने नौकरी से मना किया था।

पत्नी ने कहा कि वह दोनों जिम्मेदारी उठा लेगी। वह आत्मनिर्भर बनना चाहती है, पति इस शर्त काे मानेगा तभी उसके साथ जाएगी। पति द्वारा शर्त मानने पर पत्नी उसके साथ घर चलने काे राजी हुई।