आगरा: ग्रेटर विशाखापट्टनम नगर निगम प्रतिनिधिमंडल ने देखा वेस्ट मैनेजमेंट और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट

Regional

आगरा। आज सोमवार को ग्रेटर विशाखापट्टनम नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल ताजनगरी पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी मेयर जे श्रीधर सहित तीन फ्लोर लीडर, एक सहायक आयुक्त एवं संपर्क अधिकारी और 80 पार्षद शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल के आगरा नगर निगम पहुंचने पर सदन कक्ष में अखिल भारतीय महापौर परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आगरा महापौर नवीन जैन द्वारा सभी का स्वागत सत्कार किया गया। इससे पूर्व प्रतिनिधि मंडल ने कुबेरपुर में संचालित नगर निगम के वेस्ट टू कंपोस्ट और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को देखा।

सदन कक्ष में ग्रेटर विशाखापट्टनम नगर निगम के सभी लोगों को आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत किये जा रहे विकास कार्यों को एक वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिखाया गया। इसके बाद संबोधन कार्यक्रम हुआ जिसकी शुरुआत करते हुए महापौर नवीन जैन ने आगरा नगर निगम की कार्य व्यवस्था, स्वच्छता अभियान एवं विकास कार्यों की एक संक्षिप्त रूप रेखा रखी।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि आगरा नगर निगम में किस तरह से शहर को स्वच्छ और हरा भरा बनाने के लिए विभिन्न तरह की कार्य योजनाएं और अभियान चलाए। प्रदेश में पहली बार आगरा शहर में रात्रिकालीन सफाई की व्यवस्था शुरू की गई। महापौर ने यह भी बताया कि आगरा शहर में अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था भी शुरू हो गई है। प्रत्येक घर से कूड़े को एकत्रित कर उसे सीधे डंपिंग जोन पर पहुंचाया जाता है जहां पर कूड़ा निस्तारण कर उसका खाद बनाने का काम किया जाता है। इसके अलावा आगरा नगर निगम में टैक्स से जुड़े सभी प्रोसेस ऑनलाइन हो चुके हैं।

ग्रेटर विशाखापट्टनम नगर निगम के डिप्टी मेयर जे श्रीधर और सहायक आयुक्त नागेंद्र कुमार एवं फ्लोर लीडर बी. वसंथा लक्ष्मी ने संयुक्त रूप से विशाखापट्टनम में नगर निगम द्वारा की जा रही कार्य व्यवस्था को सामने रखा। उन्होंने जानकारी दी कि अभी उनकी नगर निगम ने वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर कोई खास काम नहीं किया है। हालांकि वे इस पर वर्क कर रहे हैं और बहुत जल्द आगरा की ही तरह वेस्ट मैनेजमेंट का प्रोसेस अपने यहां शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे प्रतिनिधिमंडल ने कुबेरपुर प्लांट पर वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को भी देखा। यह उन्हें बहुत अच्छा लगा कि कूड़े से किस तरह से खाद और बिजली बनाये जाने का प्रोसेस चल रहा है।

ग्रेटर विशाखापत्तनम नगर निगम प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम परिसर में बने स्मार्ट सिटी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम को भी देखा। आनंद मेनन द्वारा प्रतिनिधिमंडल को स्मार्ट सिटी के तहत चलाए जा रहे माइक्रो स्किल डेवलपमेंट, नगर निगम के स्मार्ट स्कूल, सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक एवं फोटो चालान व्यवस्था इत्यादि कंट्रोल रूम से संबंधित सभी जानकारियां दी गई।

अंत में जहां महापौर नवीन जैन ने ग्रेटर विशाखापट्टनम के डिप्टी मेयर जे श्रीधर को ताजमहल के रूप में मोमेंटो देकर यादगार विदाई दी तो वहीं डिप्टी मेयर ने आगरा मेयर को सुंदर जहाज के रूप में मोमेंटो देकर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। आगरा नगर निगम के पार्षदों द्वारा प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी लोगों का स्वागत सत्कार किया गया जिससे प्रतिनिधिमंडल इस स्वागत सत्कार देखकर अभिभूत नजर आए। स्वागत करने वाले पार्षदों में मोहन सिंह लोधी, प्रकाश केसवानी, अनुराग चतुर्वेदी, जगदीश पचौरी, राधिका अग्रवाल, वर्षा शर्मा, संजय राय, प्रदीप अग्रवाल, रवि शर्मा, राकेश जैन, श्रवण कश्यप आदि मौजूद रहे।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र कुमार यादव और विनोद कुमार गुप्ता, आईटी ऑफीसर गौरव सिन्हा, ग्रेटर विशाखापट्टनम से फ्लोर लीडर ए जे स्टालिन और पी. श्री निवास राव आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।