आगरा के DM मनीष बंसल की अपील: ‘स्व-गणना’ से तय होगा देश के भविष्य का आधार, 21 मई तक ऑनलाइन दर्ज करें जानकारी

स्थानीय समाचार

आगरा: भारत सरकार द्वारा संचालित आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की भावुक अपील की। उन्होंने बताया कि जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य आगामी 21 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

देश के भविष्य की दिशा तय करेगा सही आंकड़ा

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इस अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “जनगणना केवल कुछ आंकड़ों का संकलन मात्र नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की दिशा और दशा तय करने का सबसे बड़ा आधार है। सही आंकड़ों के माध्यम से ही भविष्य की राष्ट्रीय विकास योजनाओं, संसाधनों के कुशल प्रबंधन और जनहितकारी सरकारी नीतियों का निर्माण संभव हो पाता है।”

​उन्होंने शासन की मंशा को स्पष्ट करते हुए कहा कि हर पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों का होना अनिवार्य है। इसलिए सभी नागरिक स्वेच्छा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सही व पूर्ण जानकारी दर्ज कराएं।

​घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन ‘स्व-गणना’

डीएम ने बताया कि ‘डिजिटल इंडिया’ की भावना के अनुरूप इस बार स्व-गणना की प्रक्रिया को बेहद सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है। नागरिक बिना किसी परेशानी के घर बैठे भारत सरकार के अधिकृत पोर्टल पर अपनी जानकारियां फीड कर सकते हैं:

अधिकृत वेबसाइट: https://se.census.gov.in/
​अंतिम तिथि: 21 मई 2026

​युवाओं, शिक्षकों और मीडिया से जागरूकता की अपील

जिलाधिकारी ने समाज के प्रबुद्ध वर्गों, विशेषकर युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया बंधुओं से विशेष आग्रह किया है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन को ‘स्व-गणना’ के लाभों के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करें।

रिपोर्टर- शीतल सिंह माया