AKTU मे पेपर लीक के बाद कंप्यूटर साइंस परीक्षा रद, 135 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा, 5 जून को दोबारा होगा एग्जाम

Career/Jobs Regional

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में एक बार फिर पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 21 मई को आयोजित बीटेक (B.Tech) कंप्यूटर साइंस के छठे सेमेस्टर की ‘कंप्यूटर नेटवर्क’ परीक्षा को निरस्त करने का बड़ा फैसला लिया है। यह निर्णय एक उच्च-स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के बाद लिया गया है।

​क्या था पूरा मामला?

बीते गुरुवार, 21 मई को परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र वायरल होने की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप है कि नोएडा के एक परीक्षा केंद्र से जुड़े क्रेडेंशियल का गलत इस्तेमाल किया गया। कॉलेज की आईडी का उपयोग कर प्रश्न पत्र को समय से पहले डाउनलोड किया गया और फिर उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

जांच में नोएडा के कॉलेज की लापरवाही आई सामने

​विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया था। सोमवार को कमेटी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में नोएडा के एक परीक्षा केंद्र की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। प्रो. नगरिया ने कहा, “जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि कॉलेज के क्रेडेंशियल (आईडी-पासवर्ड) लीक हुए थे, जिसके जरिए पेपर डाउनलोड किया गया।”

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

फिलहाल विश्वविद्यालय की कमेटी मामले से जुड़े सभी अभिलेखों और डिजिटल डेटा का गहन विश्लेषण कर रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी कॉलेज या व्यक्ति इस चूक के लिए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

​छात्र नोट कर लें नई तारीख

विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, निरस्त की गई ‘कंप्यूटर नेटवर्क’ विषय की परीक्षा अब 5 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।