अयोध्या दीपोत्सव के बाद वायरल वीडियो पर गरमाई सियासत; दीयों से तेल भर रही महिलाओं और बच्चों से दुर्व्यवहार पर अखिलेश यादव का तीखा हमला

Politics

लखनऊ। अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान रिकॉर्ड 30 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के भव्य आयोजन के बाद अब सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं, लड़कियां और छोटे बच्चे दीपोत्सव के बाद बचे हुए तेल को प्लास्टिक के डिब्बों और बोतलों में भरते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग डंडों और छड़ियों का इस्तेमाल कर उन्हें भगाते और उनके साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है।

;

​अखिलेश यादव का तीखा हमला और ‘पीडीए’ का वादा

​पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वायरल वीडियो को साझा करते हुए भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे; जिससे किसी शोषित, वंचित व गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े। भाजपा के उत्पीड़न से पीड़ित, दुखी, अपमानित लोग इस बार भाजपा का स्थायी सफाया कर देंगे।”

​अखिलेश यादव ने अयोध्या की घटना को निंदनीय करार देते हुए कहा कि भाजपाइयों ने वहां तथाकथित ‘नारी वंदन’ का जो हिंसक नजारा पेश किया है, वह कतई वंदनीय नहीं है। उन्होंने मांग की कि महिला आयोग इस मामले का स्वतः संज्ञान ले और संबंधित लोगों तथा आयोजकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई करे।

​इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए आगे कहा, “भाजपा के लोग ‘नारी’ का सम्मान नहीं, अपमान ही करते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा लखनऊ अग्निकांड के युवा मृतक की दुखी मां का सरेआम किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता। अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!”

;

​कांग्रेस ने भी सरकार को घेरा

इस मुद्दे पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो साझा करते हुए लिखा, “एक तरफ दीपोत्सव के नाम पर लाखों दीपों की आतिशबाजी और करोड़ों के विज्ञापन, दूसरी तरफ उन्हीं दीयों से बचा हुआ तेल बीनने वाले गरीबों पर डंडों की बौछार… वाह रे योगी सरकार, झूठी शान के इस ढोंग का इससे घटिया रूप क्या होगा?”

​पुराना है दीयों से तेल बटोरने का चलन

​गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब अयोध्या में दीपोत्सव के समापन के बाद इस तरह की तस्वीरें सामने आई हों। इससे पिछले वर्षों में भी दीपोत्सव समाप्त होने के बाद सरयू घाटों पर लाखों जलाए गए दीयों से बचा हुआ तेल और घी बटोरने के लिए गरीब लोग, महिलाएं और बच्चे पहुंचते रहे हैं। हालांकि, इस बार तेल बटोर रहे लोगों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तूल पकड़ चुका है और विपक्ष को सरकार को घेरने का एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा मिल गया है।