UP News: दुर्गा पूजा पंडाल में डांस करते करते गिरा युवक, मौके पर ही तोड़ा दम

यूपी के अंबेडकरनगर में दुर्गा पूजा पंडाल में डांस करते करते गिरा युवक, मौके पर ही मौत

स्थानीय समाचार

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पर एक युवक दुर्गा पूजा पंडाल में डांस करते करते अचानक गिर गया। मौजूद लोग युवक को आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की हृदय गति रुक जाने से मौत हुई है। वहीं, इस घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गयी हैं।

घटना अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लोरपुर गांव की है। यहां के रहने वाले मुलायम राजभर (34) दुर्गा पंडाल में युवकों के साथ डांस कर रहा था। डांस करते करते वो अचानक रूक गया और गिर गया। युवक को लोगों ने उठाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं उठा।

अनहोनी की आशंका पर उसे आनन-फानन में अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हृदय गति रुक जाने से मौत हुई है। घटना का वीडियो अब सामने आया है। परिजनों के अनुसार उसे किसी बीमारी की जानकारी नहीं थी।

बढ़ रही है इस तरह की घटनाएं

बता दें कि, इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। बीते कुछ महीनों में इस तरह की घटनाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। कभी जिम में तो कभी डांस करते करते लोगों की जान जा रही है। आखिरी इसके पीछे क्या वजह है ये स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। ज्यादातर लोगों की हृदय गति रुक जाने के कारण ही मौत हो रही है।

Compiled: up18 News