मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से चिकित्सा विज्ञान और कुदरत के अनोखे तालमेल का एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों को भी हैरत में डाल दिया है। यहाँ तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) हॉस्पिटल में एक महिला ने 5 दिनों के अंतराल में 4 बच्चों (क्वाड्रुपलेट्स) को जन्म दिया है। नवजात शिशुओं में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। वर्तमान में मां पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि बच्चों को एहतियातन वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
शादी के 2 साल बाद घर में गूंजी चार किलकारियां
संभल जिले के असमोली निवासी मोहम्मद आलिम, जो गाँव में एक किराना स्टोर चलाते हैं, उनकी 31 वर्षीय पत्नी अमीना का इलाज मुरादाबाद के टीएमयू हॉस्पिटल में चल रहा था। शादी के दो साल बाद जब शुरुआती जांच हुई, तो पता चला कि अमीना के गर्भ में चार बच्चे पल रहे हैं। चिकित्सा विज्ञान में इसे ‘हाई रिस्क प्रेग्नेंसी’ (बेहद जोखिम भरी गर्भावस्था) माना जाता है।
परिवार ने ठुकरा दी थी ‘भ्रूण कटौती’ की सलाह
अस्पताल की वरिष्ठ डॉक्टर शुभा अग्रवाल की अगुवाई वाली डॉक्टरों की टीम ने जोखिम को देखते हुए परिवार को ‘भ्रूण कटौती’ (Fetal Reduction) की सलाह दी थी, ताकि मां की जान को खतरा न हो। हालांकि, अमीना और उनके पति आलिम ने हिम्मत दिखाते हुए चारों बच्चों को दुनिया में लाने का फैसला किया और डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी रखा।
5 दिनों के भीतर दो बार हुई डिलीवरी
डॉक्टर शुभा अग्रवाल ने बताया कि यह केस बेहद दुर्लभ और हैरान करने वाला है । 8 मई को तबीयत बिगड़ी अमीना को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद 9 मई 2026 को उसने पहले बच्चे (लड़के) को जन्म दिया। पहले बच्चे के जन्म के बाद बाकी तीन बच्चे गर्भ में ही रहे और 5 दिन बाद यानी 14 मई 2026 को अमीना ने तीन और बच्चों (दो लड़कियां और एक लड़का) को जन्म दिया।
विशेषज्ञों की निगरानी में हैं नवजात
डॉक्टरों के मुताबिक, समय से पहले (प्री-मैच्योर) जन्म होने के कारण चारों नवजात बच्चों को फिलहाल वेंटिलेटर और इनक्यूबेटर सपोर्ट पर रखा गया है, लेकिन उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। मां अमीना पूरी तरह ठीक है और एक साथ चार बच्चों के आने से पूरा परिवार बेहद खुश है। अस्पताल का स्टाफ भी इस सफल और अनोखे प्रसव को मेडिकल जगत की बड़ी कामयाबी मान रहा है।


