आगरा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार (15 मई 2026) तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। दिल्ली से सवारियां लेकर हमीरपुर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस थाना डौकी क्षेत्र में आगे चल रहे एक डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही डौकी थाना पुलिस और यूपीडा (UUPIDA) की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
तड़के 3:30 बजे हुआ हादसा, मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, विशाखा ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस दिल्ली से करीब 50-60 यात्रियों को लेकर हमीरपुर के लिए रवाना हुई थी। बस को जालौन जिले के कालपी निवासी चालक शैलेंद्र चला रहा था। तड़के करीब 3:30 बजे जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 16.700 (थाना डौकी क्षेत्र) पर पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में समा गई। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे, टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में ये लोग हुए मुख्य रूप से घायल
रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। घायलों में मुख्य रूप से शैलेंद्र (चालक, निवासी कालपी, जालौन), आशिक और उनकी पत्नी अनीता (निवासी मवई गुर्जर, महोबा), प्रद्युम्न सिंह (निवासी कालपी, जालौन), दुर्गेश (निवासी कालपी, जालौन) इसके अलावा 7 अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
नींद की झपकी हो सकती है वजह
डौकी पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर दुर्घटना का कारण बस चालक को तड़के के समय नींद की झपकी आना माना जा रहा है। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया, जबकि शेष सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बस का प्रबंध कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।


