मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय सिनेमा में प्रयोगधर्मी कहानियों के बढ़ते दौर के बीच नई फिल्म ‘नवगुंजरा’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। पोस्टर के सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों और सिने-प्रेमियों के बीच उत्सुकता चरम पर पहुँच गई है। फर्स्ट फिल्म स्टूडिओस एलएलपी के बैनर तले बन रही यह फिल्म सस्पेंस, कल्पना और संगीत का एक अनूठा मेल होने का वादा करती है।
अनदेखी दुनिया की सैर कराएगी ‘नवगुंजरा’
फिल्म के निर्देशक और निर्माता अमित दीक्षित ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, “हम ‘नवगुंजरा’ के जरिए एक ऐसी दुनिया पेश कर रहे हैं, जो हमारे बेहद करीब होते हुए भी अब तक अनदेखी रही है। इस फिल्म में ‘साइकोन’ की कल्पना उसी रहस्यमयी दुनिया का एक अहम हिस्सा है।” उन्होंने बताया कि फिल्म की कास्टिंग में नए और फ्रेश चेहरों को प्राथमिकता दी गई है ताकि दर्शक किरदारों के साथ नयापन महसूस कर सकें।
हर किरदार में छिपी है रहस्य की परत
फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और संवाद लिखने वाले रोहित यादव के अनुसार, यह कोई साधारण रहस्यमयी फिल्म नहीं है। उन्होंने कहा, “यह एक बेहद जटिल और परतदार कहानी है, जहाँ हर किरदार की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका और रहस्य है। हमारा उद्देश्य दर्शकों को केवल पर्दे से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें सोचने पर मजबूर करना भी है।”
संगीत है फिल्म की आत्मा
अमित दीक्षित ने फिल्म के संगीत पक्ष पर जोर देते हुए बताया कि शुभरो बी का संगीत इस फिल्म की रूह है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म के गाने केवल मनोरंजन के लिए नहीं डाले गए हैं, बल्कि वे कहानी के प्रवाह को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
रिलीज डेट और प्रोडक्शन टीम
लौ ऐजर्स प्रोडक्शन और सिने आर्ट्स के सहयोग से निर्मित इस फिल्म के निर्माता अमित दीक्षित, अंकिता गोयल और आयुष जैन हैं, जबकि अजीत पडवलकर सह-निर्माता की भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय सिनेमा के बदलते स्वरूप में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तैयार ‘नवगुंजरा’ 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


