मुंबई: अगर आप क्राइम-थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, तो कैलेंडर पर 24 अप्रैल की तारीख मार्क कर लीजिए। निर्देशक मनोज त्रिपाठी की बहुप्रतीक्षित फिल्म “दबिश” सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म महज एक क्राइम स्टोरी नहीं है, बल्कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निडर पुलिस अधिकारी की जंग और सिस्टम की कड़वी सच्चाइयों को उजागर करने वाली एक हाई-वोल्टेज ड्रामा फिल्म है।
डीएसपी रुद्र प्रताप सिंह की ‘इन्वेस्टिगेशन’
फिल्म की कहानी डीएसपी रुद्र प्रताप सिंह के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो अपने सिद्धांतों से समझौता न करने वाले एक जांबाज अफसर हैं। एक नए शहर में तबादला होने के बाद रुद्र प्रताप का सामना एक ऐसे पेचीदा केस से होता है, जिसकी परतें जैसे-जैसे खुलती हैं, अपराध और सत्ता के बीच का गहरा गठजोड़ सामने आने लगता है। फिल्म की पटकथा में सस्पेंस और ‘अनपेक्षित ट्विस्ट’ इस तरह पिरोए गए हैं जो दर्शकों को सीट छोड़ने का मौका नहीं देंगे।
कलाकारों का दमदार अभिनय और सुरीला संगीत
फिल्म में आमिर मलिक, कल्पना सैनी और अनंत सारस्वत जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है। अभिनय के साथ-साथ फिल्म का संगीत भी इसकी ताकत है। फिल्म में तीन गाने शामिल किए गए हैं, जिनमें एक धमाकेदार आइटम नंबर और दो रूहानी रोमांटिक ट्रैक हैं, जो कहानी के तनाव के बीच भावनात्मक राहत प्रदान करते हैं। उत्तर भारत की वास्तविक लोकेशन्स से लेकर मुंबई की चकाचौंध तक, फिल्म को बड़े कैनवस पर फिल्माया गया है।
क्लाइमैक्स देगा बड़ा झटका
“दबिश” के निर्माताओं का दावा है कि फिल्म का क्लाइमैक्स दर्शकों को हैरान कर देगा। यह फिल्म न्याय की तलाश में निकले एक ऐसे शख्स की दास्तान है जो हार नहीं मानता। तो तैयार हो जाइए, सच्चाई और सत्ता के बीच की इस ‘दबिश’ को बड़े पर्दे पर महसूस करने के लिए।
-अनिल बेदाग

