आगरा: शू फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, धमाके के साथ उड़ गई छत

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा-मथुरा नेशनल हाईवे पर शू फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग उस समय लगी थी जब सुबह कर्मचारी फैक्ट्री में प्रवेश कर रहे थे। आग की लपटें देख कर्मचारी भाग खड़े हुए। वहीं थोड़ी देर बाद धमाके के साथ फैक्ट्री की छत ध्वस्त हो गई। जानकारी मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। आग बुझाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

बता दें कि आगरा-मथुरा हाईवे पर रुनकता क्षेत्र में विरोला इंटरनेशनल शू फैक्ट्री है। शू कंपनी के गोदाम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। सुबह साढ़े आठ बजे कर्मचारी फैक्ट्री में प्रवेश कर रहे थे। लेकिन आग देखकर कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आग इतनी भयानक थी कि आग का धुआं कई किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था। आग से गोदाम की छत उड़ गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी और फैक्ट्री कर्मचारियों ने चारों ओर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

कर्मचारियों ने बताया कि गोदाम में कैमिकल के साथ फैक्ट्री संचालन का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। गनीमत रही कि आग उस समय लगी, जब कर्मचारी फैक्ट्री में प्रवेश कर रहे थे। थाना सिकंदरा प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी हद तक आग को काबू में कर लिया है।