आगरा में साइबर ‘हनीट्रैप’ से भी खतरनाक खेल: विजय नगर के युवक को फर्जी लोन ऐप ने घेरा, फोटो अश्लील कर वायरल करने की धमकी

Crime

आगरा: ताजनगरी के पॉश इलाके विजय नगर कॉलोनी से साइबर अपराध का एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने डिजिटल सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक को न केवल फर्जी लोन के नाम पर आर्थिक रूप से चूना लगाया गया, बल्कि उसकी निजी तस्वीरों को ‘एडिट’ कर अश्लील बनाने और रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर उसे आत्महत्या जैसे कदम उठाने की दहलीज परO खड़ा कर दिया गया।

17 मार्च: एक अनजान कॉल और ठगी का जाल

घटना की शुरुआत 17 मार्च को हुई, जब विजय नगर निवासी अभिषेक आर्य के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को लोन एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर अभिषेक पर फर्जी लोन चुकाने का दबाव बनाया और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी। घबराहट में अभिषेक ने ठगों के कहने पर ‘मोबाइल लाइन फ्लेक्स’ नामक एक संदिग्ध ऐप डाउनलोड कर लिया और उसे गैलरी व कॉन्टैक्ट्स की सभी ‘परमिशन’ दे दीं।

2400 के बदले 4000 की मांग: ऐसे फंसाया ‘डेट ट्रैप’ में

ऐप डाउनलोड करते ही अभिषेक के खाते में बिना मांगे 2400-2400 रुपये की छोटी ट्रांजेक्शन आने लगीं। ठगों ने एक हफ्ते के भीतर 2400 के बदले 4000 रुपये लौटाने का दबाव बनाया। डर के मारे अभिषेक ने पैसे दे दिए, लेकिन इसके बाद 5500 और फिर 8700 रुपये की नई मांगें शुरू हो गई। यह साइबर अपराधियों का एक सोची-समझी साजिश (Debt Trap) थी।

तस्वीरों को अश्लील बना रिश्तेदारों को भेजने की धमकी

जब अभिषेक ने और पैसे देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने अपना असली चेहरा दिखाया। उन्होंने अभिषेक के फोन से चोरी की गई तस्वीरों को अश्लील रूप में ‘एडिट’ किया और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले, तो ये फोटो उसके सभी रिश्तेदारों और दोस्तों को भेज दिए जाएंगे। इस मानसिक प्रताड़ना से टूटकर अभिषेक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और गहरे अवसाद में चला गया।

​31 मार्च: साइबर थाने में दर्ज हुई शिकायत

​अंततः परिवार के सहयोग से अभिषेक ने हिम्मत जुटाई और 31 मार्च को साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अभिषेक ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या लुभावने लोन ऐप के झांसे में न आएं, क्योंकि एक छोटी सी क्लिक आपकी जिंदगी बर्बाद कर सकती है।

एक्सपर्ट टिप: साइबर ठगी से कैसे बचें?

अनजान ऐप: प्ले स्टोर या बाहरी लिंक से किसी भी अनजान ‘लोन ऐप’ को डाउनलोड न करें।

परमिशन: किसी भी ऐप को अपनी गैलरी, कॉन्टैक्ट्स या लोकेशन की परमिशन देने से पहले सोचें।

ब्लैकमेलिंग: यदि कोई फोटो वायरल करने की धमकी दे, तो डरे नहीं, तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।