आगरा: शुक्रवार को आगरा मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रामलीला ग्राउंड में डायफ्राम वॉल के निर्माण का शुभारंभ किया गया है। यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि के लिए आगरा मेट्रो टीम की सरहाना की है।
ताजमहल, आगरा फोर्ट एवं जामा मस्जिद भूमिगत स्टेशन होंगे
यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि आगरा मेट्रो प्रायॉरिटी कॉरिडोर में 3 भूमिगत स्टेशन (ताजमहल, आगरा फोर्ट एवं जामा मस्जिद) का निर्माण किया जा रहा है। फिलहाल, तीनों स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है। शुक्रवार को आगरा मेट्रो टीम द्वारा रामलीला ग्राउंड में पूजा-अर्चना के बाद लॉन्चिंग शाफ्ट के लिए डायफ्रम वाल के निर्माण का शुभारंभ किया गया। सुशील कुमार ने बताया कि प्रायॉरिटी कॉरिडोर के भूमिगत भाग में दो टनल बोरिंग मशीन के जरिए जामा मस्जिद से ताज महल मेट्रो स्टेशन की ओर टनल का निर्माण किया जाएगा।
![](https://i0.wp.com/up18news.com/wp-content/uploads/2022/07/agra-metro-engineer.jpg?resize=640%2C399&ssl=1)
रामलील ग्राउंड में काम शुरू
बता दें कि रामलीला ग्राउंड में कट एंड कवर प्रणाली के तहत 130 मीटर लंबाई एवं 25 मीटर चौडाई वाले ट्रैक क्रॉसओवर (ट्रेन के ट्रैक बदलने का स्थान) का निर्माण किया जा रहा है। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बन रहे क्रासओवर के अग्रिम भाग से दो टीबीएम को लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद दोनों टीबीएम आगरा फोर्ट होते हुए ताजमहल मेट्रो स्टेशन तक लगभग 2.65 कि. मी. टनल का निर्माण करेंगी।
14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा।
-up18news