आगरा। आगरा के फतेहाबाद का जिला पंचायत सदस्य को जालौन पुलिस ने किया गिरफ्तार। एक करोड़ की चोरी मामले में गिरोह के सदस्यों को शरण देने का आरोप। फतेहाबाद थाने में भी नामजद है जिला पंचायत सदस्य।
बताया जा रहा है कि जालौन के कुठौंद क्षेत्र में मदारीपुर के रहने वाले सराफ कृष्ण मुरारी के घर पर नौ मई को एक किलो सोना, 50 किलो चांदी की चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र निवासी गट्टपुरा फतेहाबाद आगरा, दिलकेश वर्मा निवासी पारौली सिकरवार फतेहाबाद आगरा, चांद मियां निवासी फिरोजाबाद, परमाल निवासी धौलपुर और पूनम तिवारी को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सात सौ ग्राम सोना और चार किलो चांदी के साथ दो तमंचे, तीन कारतूस, एक कार, एक बाइक बरामद की गई है। दोनों धातुओं की कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई है।
फतेहाबाद थाने में भी नामजद है जिला पंचायत सदस्य
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि बरामद नई बाइक दिलकेश वर्मा की है। वह आगरा के फतेहाबाद के वार्ड 41 से जिला पंचायत सदस्य है। बाइक पर नंबर प्लेट तक नहीं थी। वह गिरोह को शरण देता था। आगरा पुलिस को भी उसकी तलाश थी। आरोपति को मुकदमे से निकलवाने के लिए एसएसपी के नाम पर भी उसने 80 हजार रुपये वसूले थे। उस पर फतेहाबाद थाने में भी मुकदमा दर्ज है।