गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धनतेरस की रात जोरदार धमाका: कांच टूटे, दीवार में दरार आई और एक डिलीवरी ब्वॉय घायल

Regional

गाजियाबाद। धनतेरस की पावन रात को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी में एक संदिग्ध जोरदार धमाका होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि चौकी के दो कमरों के शीशे टूट गए और एक दीवार में हल्की दरार आ गई। इस घटना में पुलिस चौकी पर ग्रॉसरी की डिलीवरी देने पहुंचा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कबाड़ गाड़ियों वाले हिस्से में हुआ धमाका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे के आसपास की है। वसुंधरा पुलिस चौकी के जिस हिस्से में दुर्घटनाग्रस्त और जब्त की गई कबाड़ गाड़ियां खड़ी की जाती हैं, वहीं यह धमाका हुआ। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह विस्फोट एसी का कंप्रेसर फटने अथवा चौकी परिसर में रखे गए किसी विस्फोटक या पटाखों के कारण हुआ होगा। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के दो कमरों की खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए।

ग्रॉसरी डिलीवरी देने गया युवक हुआ घायल

​घटना के वक्त चौकी के भीतर एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी ब्वॉय मौजूद थे। वहां ग्रॉसरी (किराना सामान) की डिलीवरी करने गया ईशान नामक युवक इस धमाके की चपेट में आकर घायल हो गया। खिड़की का टूटा हुआ कांच उसके सिर में आ लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सैंपल जांच के लिए आगरा भेजे

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेसिंक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य और अवशेष संकलित किए, जिन्हें आगे की जांच के लिए आगरा स्थित फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस वस्तु या कारण से हुआ है, इसकी पुख्ता पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।