आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक शनिवार प्रातः 11 बजे जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला मोर्चा भाजपा संगठन की मुख्य रीढ़ है और पार्टी की विजय यात्रा में बहनों की भूमिका सदैव निर्णायक रही है।
डॉ. कुलकर्णी ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रज क्षेत्र की समर्पित बहनों ने हमेशा से संगठन को असीम मजबूती प्रदान की है। अब हमारा मुख्य लक्ष्य वर्ष 2027 का आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव है। हमें बूथ स्तर तक पहुंचकर मातृशक्ति को संगठन से जोड़ना होगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाना होगा।
उन्होंने आह्वान किया कि जिला और मंडल स्तर की कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाए। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, ‘उज्ज्वला योजना’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी दूरदर्शी योजनाओं ने महिलाओं को सामाजिक व आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। इन उपलब्धियों को हमें हर घर तक पहुंचाना है।
संगठनात्मक तालमेल और कल्याणकारी योजनाओं पर मंथन
बैठक के दौरान विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की बहनों के समर्पण ने हमेशा पार्टी संगठन को नई ताकत दी है। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष चंद्रेश गुप्ता ने सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। वहीं जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने समन्वय बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।
2027 में पुनः भगवा लहराने का सामूहिक संकल्प
इस समन्वय बैठक में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, वरिष्ठ नेत्री निर्मला दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, अपराजिता, निधि चतुर्वेदी, भावना वरदान शर्मा सहित भारी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत के साथ पुनः भगवा लहराने का दृढ़ संकल्प लिया।

