श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव: शमशाबाद में रामबारात के स्वागत की तैयारियाँ तेज, गांधी चौराहे पर सजेगा भव्य सजावट का द्वार

विविध

शमशाबाद। श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव के अंतर्गत 15 और 16 अक्टूबर को निकलने वाली रामबारात एवं जनकपुर महोत्सव को लेकर शमशाबाद स्थित आर्य पोली हाउस में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुंजबिहारी अग्रवाल ने की। इसमें रामबारात के आयोजन, स्वागत, सजावट और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि रामबारात के स्वागत के लिए नगर को चारों दिशाओं से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। वहीं गांधी चौराहे को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, जिससे रामबारात के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण दिखाई दे।

श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर के प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि रामबारात के स्वागत के लिए श्रीनाथजी सेवा संस्थान की ओर से पेट्रोल पंप पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही पथवारी मंदिर कमेटी द्वारा सरकारी अस्पताल पर रामबारात का स्वागत किया जाएगा।

बैठक में राजा जनक के स्वरूप के रूप में ऋषि वर्मा के नाम की घोषणा हुई। उन्होंने कहा कि राजा जनक की भूमिका को लेकर उनके पूरे परिवार में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा के अनुरूप उनके परिवार में तुलसी-शालिग्राम विवाह से जुड़े सभी संस्कार विधिवत रूप से निभाए जाएंगे और परिवार के सदस्य आयोजन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

16 अक्टूबर को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

आयोजन के तहत 16 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से शिवा रिसोर्ट, गांधी चौराहा पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन किया जाएगा। इसमें पूज्यनीय नीम करौली महाराज के सुपौत्र डॉ. धनंजय शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी, गौ सेवा सदस्य रमाकांत शर्मा सहित अन्य प्रमुख अतिथियों के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई।

पहली बार होने वाले आयोजन को लेकर उत्साह

यात्रा संयोजक आशीष आर्य ने बताया कि क्षेत्र में रामबारात महोत्सव को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है। नगर में पहली बार इस प्रकार के आयोजन को लेकर धर्मप्रेमियों में खासा उत्साह और जिज्ञासा है। रामबारात को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में कुंजबिहारी अग्रवाल, मेघश्याम शर्मा, ऋषि वर्मा, अतुल चौबे, नितिन गुप्ता, लक्ष्मीकांत शर्मा, प्रदीप राठौर, बबलू सभासद, श्रीभगवान राठौर, अशोक वर्मा सभासद, अमन शर्मा, राजीव कोडान आदि उपस्थित रहे।