आगरा में राजीव गांधी बार एसोसिएशन का बड़ा ऐलान: 2 अक्टूबर से शुरू होगा “ज्ञानेश कुमार हटाओ, संविधान बचाओ” सत्याग्रह

स्थानीय समाचार

आगरा: राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा ने एक तीखा बयान देते हुए कहा है कि निर्भीक पत्रकार रितिका चोपड़ा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव से जुड़े एसआईआर (SIR) के संबंध में लिखे गए निष्पक्ष लेख ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाए गए तमाम मुद्दों को पूरी तरह सच साबित कर दिया है।

श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले काफी समय से इन विषयों को लेकर देशव्यापी जन आंदोलन चला रहे हैं और यह कड़वा सच है कि मुख्य चुनाव आयुक्त देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।

​उन्होंने कहा कि देश की जनता के बहुमूल्य वोटों की चोरी रोकने, देश के संविधान की रक्षा करने और लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राजीव गांधी बार एसोसिएशन द्वारा आगामी 2 अक्टूबर 2026 से लेकर 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न चरणों में एक व्यापक सत्याग्रह आंदोलन चलाया जाएगा। यह पूरा आंदोलन वरिष्ठ कांग्रेसजनों के सामूहिक नेतृत्व में आगे बढ़ेगा, जिसके संबंध में जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर अंतिम और सार्थक निर्णय लिया जाएगा।

​आंदोलन के चरण और रूपरेखा:

प्रथम चरण 2 अक्टूबर को आंदोलन के पहले दिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के न्यू विजय नगर कॉलोनी, आगरा स्थित आवास के बाहर महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष बैठकर उनके इस्तीफे की मांग को लेकर ‘रामधुन’ गाई जाएगी।

इसके बाद के चरणों में दीवानी चौराहा स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त की बुद्धि-शुद्धि के लिए एक विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन के पश्चात तमाम अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों की ओर से एक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन “ज्ञानेश कुमार हटाओ, संविधान व लोकतंत्र बचाओ” के शीर्षक से देश के महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस पूरे आंदोलन का संचालन और समन्वयन सेवा दल के अध्यक्ष सचिन चौधरी द्वारा किया जाएगा।