मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, गूंजे “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे

Regional

​लखनऊ/नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के तीखे विरोध के बीच कांग्रेस पार्टी ने देशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में दिनभर हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। पार्टी ने इस पूरे आंदोलन को ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामलों से जोड़ा है।

लखनऊ में पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़े कांग्रेस नेता

लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में शुरू हुए इस प्रदर्शन में दूर-दराज के जिलों से भी कांग्रेसी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे गूंज उठे। राजधानी में प्रदर्शन के दौरान विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ और अन्य नेताओं ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर बैरिकेडिंग लांघने का प्रयास किया तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।

​प्रयागराज में जलाए गए पोस्टर, की इस्तीफे की मांग

उधर, संगम नगरी प्रयागराज में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सिविल लाइंस स्थित गिरजाघर के सामने वरिष्ठ कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पोस्टर को आग के हवाले कर अपना कड़ा आक्रोश जताया।

कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता न बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” और उन्हें बर्खास्त किए जाने के नारे लगाए ।वक्ताओं ने कहा कि यदि देश की प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं पर इस तरह के गंभीर सवाल खड़े होते हैं, तो यह भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता का विषय है।

एक्स पर कांग्रेस ने किया हमला, राहुल गांधी ने की थी इस्तीफे की मांग

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पक्षपातपूर्ण रवैये, ‘वोट चोरी’ की साजिश और मतदाता सूची (SIR) में धांधली के खिलाफ कांग्रेस आज पूरे देश में सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही है।” पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की हत्या करने वालों और निष्पक्ष चुनाव की धज्जियां उड़ाने वालों का हिसाब होकर रहेगा। जब तक जनता के वोटों की चोरी करने वाले इस्तीफा नहीं देते और सख्त कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस का यह संघर्ष थमेगा नहीं।

​गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे की मांग की थी। यह पूरा विवाद चुनाव आयोग के भीतर एसआईआर (SIR) को लेकर सामने आए कथित मतभेदों की एक मीडिया रिपोर्ट के बाद गरमाया है।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इन आपत्तियों में वैधानिक मतदाता पंजीकरण फॉर्म 6 में बदलाव, मतदाता सूची से नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया और डेटाबेस के केंद्रीकृत नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल बताए जा रहे हैं।