आगरा। श्री चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट एवं अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में खतेना रोड, प्रताप नगर स्थित डी-2 में निशुल्क कंधा, कोहनी एवं स्पोर्ट्स सर्जरी मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में अमृता हॉस्पिटल के अपर लिंब एंड स्पोर्ट्स सर्जरी डॉ. प्रियदर्शी अमित ने मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
अध्यक्ष एड अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि कैंप में कुल 21 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 20 मरीजों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया। विशेषज्ञ चिकित्सक ने मरीजों की कंधे एवं कोहनी से जुड़ी समस्याओं की जांच कर आवश्यक सावधानियों, उपचार और आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।
आधुनिक जीवनशैली के कारण होने वाली कंधे और कोहनी की तकलीफों के साथ ही खेलकूद के दौरान होने वाली चोटों और स्पोर्ट्स इंजरी से संबंधित मरीजों के लिए कैंप उपयोगी रहा। विशेषज्ञ परामर्श के माध्यम से मरीजों को अपनी समस्या को समझने और समय पर उचित उपचार कराने के प्रति जागरूक किया गया।
रमेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था की जनकल्याणकारी गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भविष्य में भी स्वास्थ्य जांच एवं निशुल्क चिकित्सा परामर्श से जुड़े ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
कैंप के सफल आयोजन में राजीव जैन, सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग, निधि विनय अग्रवाल आदि का सहयोग रहा। सदस्यों ने कैंप में आए मरीजों की व्यवस्थाओं एवं सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।
