रंगमंच पर दिखेगी PM मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की कहानी: आगरा महानगर की चारों विधानसभाओं में होगा ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ का भव्य नाट्य मंचन

Politics

आगरा: रंगमंच के माध्यम से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 गौरवशाली वर्षों की अनकही दास्तां अब ताजनगरी आगरा में देखने को मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में रविवार को ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान विधान परिषद सदस्य (MLC) एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, छावनी विधानसभा के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से मीडिया बंधुओं को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित नाट्य मंचन

​एमएलसी विजय शिवहरे ने प्रेस को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण, त्याग और सुशासन के 25 वर्ष सफलतापूपर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष नाट्य मंचनों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में अब आगरा महानगर में भी एक बेहद भव्य और आकर्षक नाटक का मंचन किया जाएगा।

​उन्होंने आगे बताया कि इस अनूठी नाट्य प्रस्तुति के जरिए पीएम मोदी की पिछले 25 सालों की सार्वजनिक जीवन यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण, जनहित में उठाए गए ऐतिहासिक कदम और सुशासन के बल पर देश में आए व्यापक सकारात्मक बदलावों को बहुत ही जीवंत व भावनात्मक अंदाज में दर्शकों के सामने रखा जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके प्रशासनिक कार्यकाल से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को नई ऊंचाइयां देने तक के सफर को दमदार संवादों, बेहतरीन अभिनय, संगीत और एक प्रभावशाली मंचन के जरिए पर्दे पर उतारा जाएगा।

समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा सेवा और समर्पण का संदेश

​भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ नाटक के इस मंचन को बेहद सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप में तैयार किया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की इस प्रेरणादायक सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहजता से पहुंचाया जा सके। रंगमंच के कुशल और मंजे हुए कलाकार अपने सजीव अभिनय और दमदार डायलॉग्स के माध्यम से उन तमाम प्रेरणादायी प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे, जिनमें सच्ची सेवा, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की अदम्य भावना साफ झलकती है।

चारों विधानसभाओं में होगा आयोजन, जनता से होगा सीधा संवाद

विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस वृहद अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व द्वारा राज्यभर में इन नाटकों के मंचन का लक्ष्य तय किया गया है। आगरा महानगर की चारों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर इन प्रस्तुतियों के माध्यम से आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

​भाजपा का यह पूरा अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का एक बेहतरीन प्रयास है, जिसमें कला और संस्कृति का सहारा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अर्निश सेवा यात्रा को एक नए और प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

​प्रेस वार्ता में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के अलावा सेवा समर्पण अभियान के संयोजक दीपू जादोन, महामंत्री महेश शर्मा, महामंत्री नीतेश शिवहरे, भाजपा आगरा महानगर के मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, अतुल गर्ग, राहुल सागर, डॉ. निधि शर्मा, विकास भारद्वाज, नेहा गुप्ता, माधुरी माहोर, अंकित शर्मा, विजय श्रीवास्तव, केके सिकरवार, बंटी धाकड़ और राकेश जाटव सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।