आगरा। भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम रविवार को कर्मयोगी ,कमल नगर स्थित कर्मयोगी गौशाला में देखने को मिला। मानव सेवा समर्पित सामाजिक समिति द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं गौ सेवा छप्पन भोग सेवा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ सहभागिता करते हुए गौ माता की सेवा को अपना सौभाग्य माना।
कार्यक्रम का आयोजन गोविंद प्रसाद अग्रवाल जी के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड के पावन पाठ से गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। भगवान श्रीराम और परम भक्त हनुमान जी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का सामूहिक पाठ कर सुख, शांति और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी भक्तों ने गौ सेवा के इस पुनीत आयोजन में अपनी सहभागिता केवल उपस्थिति तक सीमित नहीं रखी, बल्कि स्वयं अपने हाथों से घर पर विभिन्न व्यंजन तैयार किए और उन्हें लेकर गौशाला पहुंचे। श्रद्धालु भोग सामग्री को श्रद्धा और सम्मान के साथ अपने सिर पर रखकर ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि के बीच गौशाला प्रांगण में पहुंचे।
भक्तों की इस अनूठी श्रद्धा यात्रा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और उत्सवमय बना दिया। गौ माता को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए गए।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत भक्तों ने विधि-विधान एवं पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ गौ माता को छप्पन भोग अर्पित किया। गौशाला परिसर में उपस्थित गायों की सेवा करते हुए श्रद्धालुओं के चेहरे पर विशेष आत्मिक संतोष दिखाई दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा को अत्यंत पुण्यकारी और लोककल्याणकारी माना गया है। जब भक्ति के साथ सेवा का भाव जुड़ जाता है तो आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं रहता, बल्कि समाज को संवेदना, करुणा और जीवों के प्रति प्रेम का संदेश देता है।
इस अवसर पर अजय गर्ग अवागढ़, कन्हैया लाल अग्रवाल, संतोष गोयल, विनय सिंघल, तरुण अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, नरेश सिंह, सुमित अग्रवाल, नीरज बांदिल, संतोष गोयल, केके मित्तल, कृष्ण कन्हैया अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
