पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री

विविध

आगरा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो द्वारा रविवार को रामबाग स्थित हेरिटेज गार्डन में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत 21 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए उनकी देखरेख करने वाले माली को राशन सामग्री भी भेंट की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लॉयंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321C2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा तथा प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय भार्गव रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव तोमर, निधि तोमर, अल्पना भार्गव, रीजनल चेयरपर्सन ऋतु गोयल एवं लायंस क्लब संगिनी की पूर्व अध्यक्ष सोनालिका अग्रवाल उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय भार्गव ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होता है जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाए। लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो द्वारा पौधों की देखभाल करने वाले माली का सम्मान एवं राशन सामग्री प्रदान करना सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

क्लब की अध्यक्ष गीतिका गर्ग ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 21 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए हैं। क्लब इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की भी जिम्मेदारी निभाएगा, ताकि ये पौधे भविष्य में पर्यावरण को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय क्लब की सचिव अदिति अग्रवाल ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष तान्या अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मेघा कंसल, स्तुति जैन, मान्या चतुर्वेदी, दीपा अग्रवाल, रितिका अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।