मुंबई: अपनी बेहतरीन डांसिंग स्किल्स और दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले राघव जुयाल अब कॉमेडी के नए रंग में नजर आने वाले हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में राघव का अंदाज और उनकी कॉमिक टाइमिंग देखकर यह साफ हो गया है कि वे दर्शकों को हंसी का एक बड़ा डोज़ देने के लिए तैयार हैं।
’अजय सिंह’ के किरदार में राघव का कमाल
फिल्म में राघव जुयाल ‘अजय सिंह’ नाम के एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो अपनी बेबाक हरकतों और ओवर-द-टॉप अंदाज से दर्शकों को खूब गुदगुदाएगा। फिल्म का ट्रेलर हंसी, ड्रामे और भरपूर मनोरंजन से भरा है। ट्रेलर के एक संवाद—”एक एक्टर का सबसे बड़ा टैलेंट होता है अपनी ही बकवास पर यकीन करना”—ने पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है। राघव के साथ-साथ इस फिल्म में संजय कपूर, निहारिका एनएम, बरखा सिंह और चंदन रॉय सान्याल जैसे कलाकारों का अभिनय फिल्म को और भी दिलचस्प बनाता है।
हल्का-फुल्का पारिवारिक मनोरंजन
निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल ने फिल्म के जरिए दर्शकों को एक ऐसी कहानी देने का प्रयास किया है, जो न केवल मनोरंजक है, बल्कि पूरी तरह से पारिवारिक भी है। ईस्टवुड पिक्चर्स और इंडियन स्टोरीज़ 2 द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म दर्शकों से वादा करती है कि वे सिनेमाघर में अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। अगर आप भी राघव जुयाल के इस नए कॉमिक अंदाज को देखना चाहते हैं, तो ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर देखकर यह निश्चित कहा जा सकता है कि यह फिल्म इस महीने की सबसे मजेदार फिल्मों में से एक होने वाली है।


