मुंबई: भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही महात्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायणम्’ के मेकर्स ने अब ट्रेलर रिलीज की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर दिया है। 24 जुलाई 2026 को इस भव्य फिल्म का ट्रेलर दुनिया भर में एक साथ रिलीज किया जाएगा। यह केवल एक फिल्म का प्रोमो नहीं, बल्कि भारतीय विरासत, संस्कृति और आस्था को वैश्विक फलक पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
अभूतपूर्व तकनीक और भव्य कलाकार
दो भागों में विभाजित यह महागाथा आधुनिक विजुअल तकनीक और भावनाओं का एक बेहतरीन संगम है। फिल्म में कलाकारों की दमदार टोली को साइन किया गया है । राम के लिए रणबीर कपूर, सीता के किरदार में नज़र आएगी साई पल्लवी, तो महा प्रतापी रावण के रोल में यश, हनुमान जी का दिव्य किरदार अदा करेंगे सनी देओल तो लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे फ़िल्म में अपने अभिनय का जलवा दिखाते नज़र आएंगे। मेकर्स का उद्देश्य इस महान गाथा को एक ऐसे भव्य पैमाने पर प्रस्तुत करना है, जिसे दर्शक पहले कभी न देख पाए हों।
कब होगी रिलीज?
फिल्म का पहला भाग यानी ‘रामायणम्: पार्ट वन’ इस साल दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग ‘रामायणम्: पार्ट टू’ दिवाली 2027 पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इसे आईमैक्स (IMAX) फॉर्मेट में विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि दर्शक एक अनोखे सिनेमैटिक अनुभव का आनंद ले सकें।
24 जुलाई को आने वाला ट्रेलर निश्चित रूप से इस ऐतिहासिक सफर की सबसे रोमांचक झलक पेश करेगा, जिसे लेकर न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में फिल्म प्रेमियों की उत्सुकता चरम पर है।
-अनिल बेदाग/up18news


