फतेहपुर सीकरी में पर्यटन को लगेंगे पंख: 6 करोड़ की विकास परियोजनाओं को एडीए से मिली हरी झंडी

स्थानीय समाचार

फतेहपुर सीकरी: विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में पर्यटकों की सुविधा और स्थानीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने एक बड़ा निर्णय लिया है। एडीए ने करीब छह करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इनमें रेलवे स्टेशन मार्ग का चौड़ीकरण, नई सीसी सड़क का निर्माण और लंबे समय से कच्चे मार्ग को पक्का करने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन और बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल ने 4 अप्रैल 2026 को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं सचिव को पथकर निधि और अवस्थापना निधि से सात प्रमुख विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव भेजा था। इनमें से प्रथम चरण में तीन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

स्वीकृत परियोजनाओं में रेलवे स्टेशन से शाहकुली तक लगभग 100 मीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण, सतफेरा से जौताना तक सीसी सड़क का निर्माण तथा ग्वालियर गेट–मई बुजुर्ग रोड से मोहल्ला इस्लामगंज होते हुए नई आबादी मौजा कांदऊवार तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग का पक्कीकरण शामिल है।

विधायक चौधरी बाबूलाल ने बताया कि शेष चार विकास प्रस्तावों पर भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इनमें गब्बंस नाले का पक्कीकरण, तेरह मोरी बांध पर झील चौपाटी विकसित कर बोटिंग जैसी पर्यटन सुविधाएं शुरू करना, गुलिस्ता पार्किंग से डाक बंगला तक रोपवे का निर्माण तथा बस स्टैंड के पास शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बोरिंग और आरओ प्लांट की स्थापना शामिल हैं।

इन बुनियादी सुधारों से फतेहपुर सीकरी का कायाकल्प होने की उम्मीद है। बेहतर सड़क व्यवस्था, जल निकासी और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से न केवल स्थानीय नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि एक विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में फतेहपुर सीकरी की पहचान और अधिक सशक्त होगी। एडीए का यह कदम इस ऐतिहासिक नगरी को पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाने की दिशा में एक निर्णायक प्रयास माना जा रहा है।