वाराणसी में सीएम योगी का बड़ा ऐलान: श्रावण मास में काशीवासियों के लिए बनेगा अलग दर्शन मार्ग, सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिए सख्त निर्देश

Regional

वाराणसी। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में विकास परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। सीएम योगी ने आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए, जिनमें सबसे बड़ा फैसला श्रावण मास के दौरान काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था करना रहा।

श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रावण मास में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, निःशुल्क लॉकर, आपदा प्रबंधन और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विद्युत, लोक निर्माण, परिवहन और रेलवे विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

जल जीवन मिशन में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाए, वहां सड़क की मरम्मत भी साथ-साथ कराई जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।

रोपवे और अन्य परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में वाराणसी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना, यूनिटी मॉल, आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी जैसी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि रोपवे का कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

श्रावण में VIP दर्शन पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने मंदिर व्यवस्था में लगे कर्मचारियों की ड्यूटी में बदलाव करने के निर्देश दिए ताकि VIP दर्शन के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ धोखाधड़ी या अनुचित व्यवहार न हो। साथ ही होटल, रेस्तरां और बस स्टैंडों पर मनमाना शुल्क वसूलने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा।

पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, फुट पेट्रोलिंग मजबूत करने, हर छह महीने में संवेदनशील ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का बदलाव करने और ट्रैफिक प्रबंधन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लाइफ जैकेट, जल पुलिस और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियां तेज हों

मुख्यमंत्री ने आगामी वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों को समय से पूरा करने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार ने बैठक में बताया कि वर्ष 2014 से अब तक 536 विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिनकी लागत ₹36,210 करोड़ है, जबकि वर्तमान में ₹25,007 करोड़ की 191 परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी पियूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्णा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।