आगरा। भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने आगरा से आगामी चुनावों के लिए एक बड़ी राजनीतिक रणनीति का खुलासा किया है। वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने घोषणा की कि अब ‘किसान क्रांति दल’ आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसान केवल सड़कों पर घेराव नहीं करेंगे, बल्कि स्वयं संसद और विधानसभाओं का हिस्सा बनकर अपनी समस्याओं का समाधान करेंगे।
महिला मोर्चा को मिली नई कमान
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र भारतीय किसान यूनियन (भानू) के महिला मोर्चा की नई प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर का पदभार ग्रहण समारोह रहा। नई जिम्मेदारी संभालते हुए गीता ठाकुर ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करेंगी। उन्होंने ‘अन्न ही ब्रह्म है’ के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि शादी-विवाह और बड़े आयोजनों में होने वाली भोजन की बर्बादी को रोकना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही, वे किसानों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक सशक्त मोर्चा तैयार करेंगी।
ठाकुर भानु प्रताप सिंह की सरकार से दो-टूक मांगें
राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए किसान आयोग के गठन की मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का निर्धारण किसानों की भागीदारी से ही होना चाहिए।
ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अन्नदाता के सभी कर्ज माफ करने की अपील करते हुए सवाल किया कि जब देश के बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो सकते हैं, तो किसानों के साथ यह भेदभाव क्यों? उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल सरकार से विनम्र निवेदन किया जा रहा है, लेकिन यदि मांगें नहीं मानी गईं तो किसान आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले लेगा।
महिला शक्ति का मिला साथ
समारोह की विशिष्ट अतिथि रहीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौहान और राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री एनपी सिंह ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना महिला शक्ति के कोई भी आंदोलन पूर्ण नहीं हो सकता।
कार्यक्रम में संगठन की मजबूती के लिए कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव, महिपाल सिंह यादव, निधि शर्मा, गीता भाटी, वंदना सिंह ठाकुर, शिव सिंह, सौरभ तिवारी, देव ठाकुर, सुमित उपाध्याय, तरुण गुप्ता, गौरव शर्मा, शुभम आनंद, रोहित दिवाकर, शैलेश कठेरिया, अश्विनी शर्मा और मुरारी कुशवाहा शामिल थे। सभी ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


