आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को आगरा में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इसी क्रम में मोती कुंज कॉलोनी स्थित पार्क में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर सचिव एडवोकेट आफताब कुरैशी के नेतृत्व में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वृक्षारोपण और जनसेवा का संदेश
पार्टी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के जन्मदिन को ‘पर्यावरण संरक्षण दिवस’ के रूप में मनाते हुए मोती कुंज कॉलोनी के पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के बाद उपस्थित लोगों और क्षेत्रवासियों में मिष्ठान का वितरण कर खुशियां साझा की गईं।
सेवा और समर्पण का संकल्प
एडवोकेट आफताब कुरैशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन कार्यकर्ताओं के लिए जनसेवा का पर्व है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने की है, जिसे आगे बढ़ाना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस आयोजन में समाजवादी पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष राहुल चौधरी, अमित सिंह, मोहसिन जब्बार, हाजी गुड्डू, वकार अहमद, मुकीम कुरैशी, सतीश, जीशान तेली, मो. अशफाक, नबाब कुरैशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


