आगरा कॉलेज प्रवेश 2026: बीए और बीएससी प्रथम वर्ष की पहली मेरिट जारी, 8-9 जुलाई को होगी काउंसलिंग

Career/Jobs

आगरा। प्रदेश के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल आगरा कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए बीए एवं बीएससी प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित इंटरमीडिएट के 100 प्रतिशत अंकों एवं अतिरिक्त अंकों के इंडेक्स के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

प्राचार्य ने बताया कि प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं प्रोविजनल प्रवेश काउंसलिंग का आयोजन 8 एवं 9 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

बीए प्रथम वर्ष की पहली कट-ऑफ मेरिट सूची में सामान्य वर्ग के लिए 64.00 अंक, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 52.00 अंक तथा अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) के लिए 51.80 अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 8 जुलाई, जबकि ओबीसी एवं एससी/एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 9 जुलाई को राजनीति विज्ञान विभाग में होगी।

वहीं बीएससी प्रथम वर्ष (गणित एवं जीव विज्ञान) के लिए सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 65.40 अंक, ओबीसी वर्ग की 52.00 अंक तथा एससी/एसटी वर्ग की 50.40 अंक निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग की काउंसलिंग 8 जुलाई, जबकि ओबीसी एवं एससी/एसटी वर्ग की काउंसलिंग 9 जुलाई को ऑडिटोरियम-1 एवं गणित विभाग में आयोजित होगी।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि प्रवेश के समय विद्यार्थियों को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), वेब रजिस्ट्रेशन प्रपत्र, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण-पत्र, ऑनलाइन आवेदन पत्र, 425 रुपये की रसीद तथा अन्य आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। किसी भी आवश्यक दस्तावेज के अभाव में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि आगरा कॉलेज अपने समृद्ध शैक्षणिक इतिहास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों, समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाओं, एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रदेशभर में पहचान रखता है। महाविद्यालय प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।