आगरा: दयालबाग शिक्षण संस्थान (DEI) एवं एसोसिएशन ऑफ एलुमनाई ऑफ दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स (AADEIS) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित वार्षिक ‘स्वावलंबन जॉब फेयर-2026’ युवाओं के करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित हुआ है। 6 जून को आयोजित इस रोजगार मेले में आगरा के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता देखने को मिली, जहाँ 302 प्रतिभागी छात्रों में से 237 को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ।
35 कंपनियों ने दिखाया भरोसा
रोजगार मेले की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें होंडा मोटरसाइकिल्स, जुबिलेंट फूडवर्क्स, ईज़ माई ट्रिप, यस बैंक, एनआरएल ग्रुप, बसंत ओवरसीज और अवांति जैसी 35 नामचीन कंपनियों ने हिस्सा लिया। दिलचस्प बात यह है कि इन सभी कंपनियों ने बिना किसी शुल्क के छात्रों का साक्षात्कार लिया, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा।
विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों का जलवा
इस जॉब फेयर में न केवल शैक्षणिक बल्कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्रों को भी समान अवसर दिए गए। चयन प्रक्रिया के आंकड़े बेहद उत्साहजनक रहे । ऑफिस मैनेजमेंट में 120 विद्यार्थी चयनित , इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन एवं मोटर व्हीकल मैकेनिक में 75 विद्यार्थी चयनित। टेक्सटाइल पाठ्यक्रम में 32 विद्यार्थी चयनित हुए। इसके अलावा बीकॉम, बीबीए और अन्य वोकेशनल पाठ्यक्रमों के छात्रों ने भी अपनी योग्यता का लोहा मनवाया।
शिक्षा और कौशल का अद्भुत मेल
संस्थान प्रबंधन का कहना है कि यह जॉब फेयर केवल एक रोजगार मेला नहीं, बल्कि छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का एक मिशन है। यहाँ नियमित छात्रों के साथ-साथ दूरस्थ शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को भी नियोक्ताओं के साथ सीधे जुड़ने का मंच प्रदान किया गया। ‘स्वावलंबन’ शब्द के मूल उद्देश्य को चरितार्थ करते हुए संस्थान लगातार युवाओं को व्यावसायिक दक्षता प्रदान कर रहा है।
नैक ए-प्लस ग्रेड की गरिमा
राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से ए-प्लस ग्रेड प्राप्त डीईआई की यह पहल यह साबित करती है कि संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में अग्रणी है, बल्कि अपने छात्रों के भविष्य को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस शानदार सफलता के साथ, दयालबाग शिक्षण संस्थान ने एक बार फिर आगरा में युवा सशक्तिकरण का नया मानक स्थापित किया है।


