Agra News: राष्ट्र प्रथम अभियान के तहत कल गूंजेगा सामूहिक जनसंकल्प, सांसद नवीन जैन ने की जुड़ने की अपील

स्थानीय समाचार

आगरा। राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘राष्ट्र प्रथम अभियान’ के तहत कल, 27 मई को आगरा में एक ऐतिहासिक सामूहिक शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संजय पैलेस स्थित एमजी रोड पर (स्पीड कलर लैब के समीप) दोपहर 4 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में शहरवासियों को राष्ट्रहित के सात संकल्पों से जुड़ने का आह्वान किया गया है।

जन-आंदोलन बनेगा राष्ट्रनिर्माण का संकल्प

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने इस आयोजन को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक ‘जन-आंदोलन’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने के लिए हर नागरिक की सकारात्मक भागीदारी अनिवार्य है। सांसद ने शहर के युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस संकल्प यात्रा का हिस्सा बनें।

​सांसद ने दी 7 संकल्पों की रूपरेखा

सांसद नवीन जैन ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात प्रमुख आव्हानों पर केंद्रित है, जो नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रहित से जुड़े हैं।

​स्वदेशी अपनाना, ईंधन की बचत, ​कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग, ​सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता, ​देश को अपना ‘एक घंटा’ समर्पित करना इन संकल्पों का उद्देश्य समाज में एक ऐसी जागरूकता पैदा करना है, जहाँ हर व्यक्ति ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ अपना योगदान दे सके।

“60 मिनट – 7 संकल्प” का संदेश

​कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन समाज में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। सामूहिक रूप से शपथ लेकर प्रतिभागी न केवल राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे, बल्कि वे देश को समय देने और सामाजिक सुधार के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लेंगे।

सांसद नवीन जैन ने विश्वास जताया कि जब आगरा की जनता एकजुट होकर राष्ट्रहित के लिए खड़ी होगी, तो यह अभियान न केवल शहर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए विकास का एक नया मॉडल बनकर उभरेगा।