जैन साध्वियों की मौत पर सड़कों पर उतरा आगरा: ‘राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति’ लागू करने की मांग, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

स्थानीय समाचार

आगरा: मध्य प्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों के साथ हुई दुखद घटना ने न केवल देश भर के जैन समुदाय को स्तब्ध किया है, बल्कि संतों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न भी खड़े कर दिए हैं। सोमवार को आगरा दिगम्बर जैन परिषद के नेतृत्व में सकल जैन समाज ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री तथा उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की सरकारों को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

​साजिश की आशंका, उच्चस्तरीय जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि रीवा की घटना मात्र एक सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं होती। उपलब्ध वीडियो फुटेज और परिस्थितियों को देखते हुए समाज में इसे लेकर गहरी आशंका है कि इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है। परिषद के पदाधिकारियों ने मांग की कि इस पूरे मामले की एसआईटी (SIT) अथवा न्यायिक जांच कराई जाए और सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।

​’राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति’ और सुरक्षा प्रोटोकॉल की आवश्यकता

जैन समाज ने सरकार से मांग की है कि देश में पैदल विहार करने वाले जैन साधु-संतों के लिए एक ‘राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति’ बनाई जाए। समाज के प्रतिनिधियों ने तर्क दिया कि चूंकि साधु-संत पूर्णतः अहिंसक और निहत्थे होते हैं, इसलिए उनके प्रति होने वाले अपराधों को ‘विशेष संवेदनशील’ श्रेणी में रखा जाना चाहिए। उन्होंने विहार मार्गों पर पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण और विशेष सुरक्षा एसओपी (SOP) तैयार करने पर जोर दिया।

समाज की एकजुटता और मुखर आवाज

प्रदर्शन में शामिल डॉ. जितेन्द्र जैन, मनोज जैन बाकलीवाल और मनीष कुमार जैन सहित परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संत परंपरा के मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की एक व्यापक मुहिम है। इस अवसर पर समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों, महिला पार्षदों और विभिन्न जैन संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सुरक्षा सेल की मांग

ज्ञापन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ‘संत सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन सेल’ बनाने का भी सुझाव दिया गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में संतों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद जैन समाज ने प्रशासन को यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक संतों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, समाज की यह आवाज और तेज होती रहेगी।

इस दौरान आगरा दिगम्बर जैन परिषद के संरक्षक डॉ. जितेन्द्र जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, महामंत्री मनीष कुमार जैन, उपमंत्री विमल जैन, अर्थमंत्री राकेश जैन पर्दे वाले, उपाध्यक्ष मनोज जैन बल्लो, राजेन्द्र जैन एडवोकेट, रोहित जैन अहिंसा, प्रचार मंत्री आशीष जैन मोनू, मुरारी लाल जैन, अशोक जैन पूर्व डिप्टी मेयर, प्रवीण जैन नेता, श्वेतांबर जैन समाज के सुरेन्द्र कुमार जैन, अनिल कुमार जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, अनुज जैन, दीपक जैन, प्रमेन्द्र जैन, अनुज जैन क्रांति, अश्वनी जैन, शुभम जैन, सुषमा जैन पार्षद, महेश जैन, राहुल जैन एडवोकेट आशु बाबा, कमल जैन एडवोकेट, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के लोग मौजूद रहे।