कॉकटेल 2 के बहाने कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के बीच छिड़ी ‘इंस्टा वॉर’, वोटिंग से लेकर गाना लीक होने तक ड्रामा फुल ऑन!

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। हिंदी सिनेमा में फिल्मों को दर्शकों तक पहुँचाने के तरीके अब पूरी तरह बदल चुके हैं। अब बात सिर्फ फर्स्ट लुक या ट्रेलर तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर होने वाली स्टार्स की मजेदार नोंकझोंक प्रमोशन का नया हथियार बन चुकी है। इन दिनों बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म ‘कॉकटेल 2’ भी कुछ इसी वजह से टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है। फिल्म इस वक्त अपने गानों से ज्यादा अपनी दो लीड एक्ट्रेसेस कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के बीच चल रही सोशल मीडिया “कोल्ड वॉर” को लेकर सुर्खियां बटोर रही है।

​हाल ही में इस फिल्म का एक नया ट्रैक ‘माशूका’ रिलीज किया गया है। गाने में कृति सेनन और शाहिद कपूर के बीच की बेहद हॉट और सिज़लिंग केमिस्ट्री ने इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया है और फैंस इस जोड़ी के दीवाने हो रहे हैं। लेकिन, असली कहानी इस गाने के पर्दे के पीछे की है।

​दरअसल, मेकर्स ने फिल्म के दो अनरिलीज़्ड गानों ‘माशूका’ और ‘तुझको’ के बीच एक स्पेशल लिसनिंग इवेंट में लाइव वोटिंग करवाई थी, ताकि फैंस की पसंद का गाना पहले रिलीज किया जा सके। इस कांटे की टक्कर में ‘माशूका’ ने बेहद मामूली अंतर से बाजी मार ली और मेकर्स ने इसे तुरंत रिलीज कर दिया। बस, यहीं से दोनों हसीनाओं के बीच सोशल मीडिया पर दिलचस्प तकरार शुरू हो गई।

​जैसे ही कृति का गाना रिलीज हुआ, रश्मिका मंदाना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस पूरी वोटिंग प्रक्रिया को ही “रिग्ड” (धांधली से भरी) करार दे दिया। रश्मिका के इस वार पर कृति सेनन ने भी तुरंत पलटवार किया। कृति ने तंज कसते हुए लिखा, “माशूका को पके हुए आम पसंद हैं, खट्टे अंगूर नहीं।”

इस कैट फाइट में असली ट्विस्ट तो तब आया जब रश्मिका ने एक कदम आगे बढ़ते हुए अपने हिस्से के गाने ‘तुझको’ का वीडियो अचानक इंस्टाग्राम पर “गलती से” लीक कर दिया।

अब रश्मिका से यह वीडियो वाकई गलती से पोस्ट हुआ या फिर यह फिल्म की टीम का कोई बेहद स्मार्ट और सोची-समझी पीआर स्ट्रेटेजी (PR Strategy) का हिस्सा था, यह तो मेकर्स ही जानें। लेकिन इतना तो साफ है कि ‘कॉकटेल 2’ ने सिनेमाघरों में आने से पहले ही अपनी इस मजेदार कंट्रोवर्सी से फैंस का भरपूर मनोरंजन करना शुरू कर दिया है।